यूपी के बलरामपुर में दुर्गा मंदिर के बाहर वीडियो देख रहे ग्रामीणों को कार ने रौंदा, तीन की मौत और चार घायल
बलरामपुर में दुर्गा मंदिर के बाहर वीडियो देख रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे ...और पढ़ें

घायलों का चल रहा इलाज। जागरण
HighLights
बलरामपुर में दुर्गा मंदिर के बाहर कार हादसा।
हादसे में तीन ग्रामीणों की मौत, चार घायल।
चालक हिरासत में, नशे में होने की आशंका।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। देहात क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चरनगहिया बेलहा गांव के बाहर दुर्गा मंदिर पर सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे ग्रामीणों को एक तेज रफ्तार कार रौंदते हुए निकल गई। हादसे में पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) की मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हे बहराइच रेफर कर दिया गया। दो अन्य घायलों का जिला मेमोरियल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना शनिवार रात 11 बजे ग्राम पंचायत चरनगहिया बेलहा में दुर्गा मंदिर के सामने हुई। बताया जा रहा है कि आरती खत्म होने के बाद कुछ लोग सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान गौरा चौराहा की तरफ जा रही अनियंत्रित होकर कार टेंट का कुछ हिस्सा तोड़ते हुए वहां मौजूद लोगों पर चढ़ गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसकी चपेट में आने से सात लोग घायल हो गए, जिसमें तीन की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीन लोगों की मौत, परिवारों में मातम
हादसे में पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) की मौत हो गई। पाटेश्वरी प्रसाद, मणिराम के बेटे थे। मनोज सिंह, उदयभान सिंह के बेटे और गणेश पांडेय, राममिलन के बेटे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना में छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) घायल हुए हैं। सभी पीड़ित चरनगहिया-बेलहा गांव के निवासी हैं। ग्रामीणों ने हादसे के तुरंत बाद घायलों की मदद शुरू की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बहराइच जिले के लिए रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें- बलरामपुर में 157 ग्राम पंचायतें होंगी पुरस्कृत, वेरिफिकेशन के बाद मिलेगी पांच गुना धनराशि
चालक हिरासत में, नशे में होने की आशंका :
सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस ने घेराबंदी कर हादसे में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शुरुआती जानकारी में चालक के नशे में होने की आशंका सामने आई है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
