Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वीरेंद्र सिंह मस्त, डा.राजेश मिश्र व रवींद्र कुशवाहा समेत 14 ने किया नामांकन

    By JagranEdited By:
    Updated: Fri, 26 Apr 2019 06:46 PM (IST)

    वीरेंद्र सिंह मस्त डा. राजेश मिश्रा रविद्र कुशवाहा समेत 14 ने दाखिल किया पर्चा। ...और पढ़ें

    Hero Image
    वीरेंद्र सिंह मस्त, डा.राजेश मिश्र व रवींद्र कुशवाहा समेत 14 ने किया नामांकन

    जागरण संवाददाता, बलिया : लोकसभा सामान्य निर्वाचन के लिए नामांकन के लिहाज से शुक्रवार का दिन काफी अहम रहा। बलिया लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह मस्त व सलेमपुर से भाजपा उम्मीदवार रवींद्र कुशवाहा ने दल-बल के साथ पहुंच कर कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं सलेमपुर लोस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डा. राजेश मिश्र ने भी नामांकन किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इन प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के अलावा बलिया संसदीय क्षेत्र से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विनोद तिवारी, जनता राज पार्टी से उदय प्रकाश, बहुजन मुक्ति पार्टी से अवधेश वर्मा तथा अखिल भारतीय हिदू महासभा से मेजर रमेश चंद्र उपाध्याय ने अपना नामांकन पत्र भरा। सलेमपुर संसदीय सीट से प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की पूजा पांडेय, हिदुस्थान निर्माण दल के रामजी प्रताप जिज्ञाशु, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से राजाराम, अखिल भारतीय हिदू महासभा से विद्या शंकर पांडेय, नेशनल डेमोक्रेटिक पीपुल्स पार्टी से रामदेव गुप्त, भारतीय समता समाज पार्टी से कृपा शंकर प्रसाद व निर्दल के रूप में अजीमुल्लाह अंसारी ने अपना पर्चा दाखिल किया।

    बलिया लोस क्षेत्र के उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह मस्त के कार्यकर्ता शहर के रामलीला मैदान में एकत्रित हुए। यहां से जुलूस मंत्री उपेंद्र तिवारी, विधायक सुरेंद्र सिंह, आनंद स्वरूप शुक्ला, जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दुबे के नेतृत्व में निकला। हनुमानगढ़ी दर्शन के बाद हुजूम के बीच जयकारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचा। इसके बाद पांच प्रस्तावकों के साथ जाकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। रामलीला मैदान में भोजपुरी गायक गोपाल राय व पवन सिंह ने सरकार का अपनी गीतों के माध्यम से गुणगान किया। इसी तरह सलेमपुर के प्रत्याशी रवींद्र कुशवाहा का जुलूस भ्रमण करते हुए कुंवर सिंह चौराहे पर पहुंचा। यहां से वे अपने पांच प्रस्तावकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और नामांकन पत्र दाखिल किया। सलेमपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डा.राजेश मिश्र भी जुलूस लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। यहां से पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ टीडी कालेज चौराहा पहुंचकर कलेक्ट्रेट में प्रस्तावकों के साथ पर्चा दाखिल किया। डॉ.राजेश मिश्र के साथ जिलाध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी, केशव चंद यादव, राघवेन्द्र सिंह, राजू उपाध्याय, पूनम पाण्डेय, मुन्ना उपाध्याय, बृजेश सिंह,शिव प्रताप ओझा, दिग्विजय सिंह रहे। बलिया में छह व सलेमपुर में बिके सात नामांकन पत्र

    बलिया सीट के लिए छह तथा सलेमपुर सीट के लिए शुक्रवार को सात नामांकन पत्र खरीदे गए। लोकसभा क्षेत्र बलिया के लिए समाजवादी पार्टी के राजीव राय और नीरज शेखर के लिए नामांकन पत्र लिया गया। इनके अलावा कांग्रेस के चंद्रकेश सिंह, पूर्वांचल पीपुल्स पार्टी के राजेश सिंह, भारतीय जनता पार्टी के जन्मेजय प्रजापति के अलावा अभिमन्यु सिंह ने भी नामांकन पत्र लिया। लोकसभा क्षेत्र सलेमपुर के लिए भारतीय प्रभात पार्टी, भारतीय असहाय गरीब बेरोजगार पार्टी तथा पूर्वांचल पीपल्स पार्टी के लिए नामांकन पत्र लिया गया। टीडी कालेज से कुंवर सिंह चौराहे के बीच था 'नो एंट्री जोन'

    शुक्रवार को कुछ प्रमुख प्रत्याशियों के नामांकन को लेकर तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। टीडी कॉलेज चौराहा और कुंवर सिंह चौराहे पर बकायदा बैरीकेडिग कर प्रत्याशी और प्रस्तावकों के अलावा और किसी का प्रवेश नहीं हो रहा था। शहर कोतवाल शशिमौलि पांडे लगातार दोनों तरफ नजर बनाए हुए थे। परिसर में भी किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश वर्जित था। नामांकन कक्ष के बाहर भी भारी मात्रा में फोर्स तैनात थी, जो निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार ही नामांकन कक्ष में प्रवेश करा रही थी।