विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया में सरयू नदी का कहर, कटान से घर तोड़ने को मजबूर ग्रामीण

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:10 AM (IST)

बलिया के महाराजपुर नाहर छपरा में सरयू नदी का तेज कटान आबादी और रिहायशी मकानों तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीण अपने आशियाने खुद तोड़ने को मजबूर हैं। बचाव कार्य रुकने से लोगों में भारी नाराजगी और दहशत का माहौल है।

महराजपुर में तेजी से आबादी की जमीन व घरों को निगलती सरयू। जागरण

महराजपुर में तेजी से आबादी की जमीन व घरों को निगलती सरयू। जागरण

HighLights

  1. सरयू नदी का कटान महाराजपुर नाहर छपरा में घरों तक पहुंचा।

  2. ग्रामीण अपने मकान खुद तोड़ रहे, बड़े हादसे से बचने को।

  3. बचाव कार्य रुकने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी और दहशत।

जागरण संवाददाता, बांसडीह (बलिया)। सरयू नदी की तेज धारा महाराजपुर नाहर छपरा में लगातार कटान कर रही है। नदी का कटान अब खेतों और जमीनों से आगे बढ़कर आबादी और रिहायशी मकानों तक पहुंच गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कटान की जद में आए इंद्रदेव पाल को अपना मकान बचने की उम्मीद छोड़नी पड़ी।

किसी बड़े हादसे से बचने के लिए परिजन भारी मन से जेसीबी लगवाकर अपना आशियाना खुद ही तुड़वाने को मजबूर हो गए। जिस घर को बनाने में परिवार ने जीवनभर की कमाई लगा दी, उसे अपनी आंखों के सामने उजड़ते देखना उनकी विवशता बन गई है।

महाराजपुर नाहर छपरा में सरयू की लहरें लगातार आबादी की ओर बढ़ रही हैं। नदी के रुख को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जिन परिवारों के मकान अभी कटान की सीधी जद में नहीं आए हैं, वे भी अनहोनी की आशंका में रातभर जागकर नदी के जलस्तर और धारा के दबाव पर नजर रख रहे हैं। ग्रामीणों को डर है कि नदी की धारा कब किसका आशियाना अपने आगोश में ले लेगी, इसका कोई भरोसा नहीं है।

यह भी पढ़ें- बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले में रचा जाएगा इतिहास, पहली बार आ रहे जिम्मी और बांबे सर्कस

ग्रामीणों में सबसे अधिक नाराजगी कटान रोकने के लिए चल रहे बचाव कार्यों के अचानक बंद होने को लेकर है। उनका कहना है कि जिओ बैग और कटर लगाने का काम बीच में ही रोक दिया गया है। एक तरफ नदी तेजी से आबादी की ओर बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ बचाव कार्य बंद होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- आपकी थाली में 'जहर' तो नहीं? रसोई तक पहुंच रहे खाद्य पदार्थ शुद्ध नहीं, हर दो में से एक नमूना फेल

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए तो कई अन्य मकानों पर भी खतरा मंडरा सकता है। इस संबंध में एसडीएम डा. पुष्कर मिश्रा ने बताया कि महाराजपुर नाहर छपरा के हालात पर प्रशासन की नजर है। लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता है। संबंधित विभाग से जानकारी लेकर आवश्यक बचाव कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।