विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आपकी थाली में 'जहर' तो नहीं? रसोई तक पहुंच रहे खाद्य पदार्थ शुद्ध नहीं, हर दो में से एक नमूना फेल

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:03 PM (IST)

बलिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जहां पिछले चार वर्षों में आधे से अधिक खाद्य नमूनों में मिलावट पाई गई। दूध, खोवा और पनीर में सर्वाधिक गड़बड़ी मिली, जिसके चलते 863 मामलों में वाद दायर कर 1.04 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. पिछले चार वर्षों में आधे से अधिक खाद्य नमूने असुरक्षित पाए गए।

  2. दूध, खोवा और पनीर में सबसे ज्यादा मिलावट की पुष्टि हुई।

  3. विभाग ने 863 मामलों में 1.04 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया।

जागरण संवाददाता, बलिया। जिस दूध, पनीर, घी, तेल और मसालों को लोग भरोसे के साथ अपनी थाली में परोस रहे हैं, उनकी शुद्धता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के पिछले चार वर्षों के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। इस अवधि में लिए गए 1262 नमूनों में से 667 नमूने असुरक्षित, अधोमानक और मिथ्या छाप की श्रेणी में पाए गए।

यानी जांचे गए हर दो में से एक से अधिक नमूनों में गड़बड़ी मिली। इनमें 110 नमूने असुरक्षित, 557 अधोमानक और 44 मिथ्या छाप के मिले। इसके अलावा 49 मामलों में अन्य नियमों का उल्लंघन पाया गया।

वित्तीय वर्ष 2023-24 में 226 नमूनों में 112 अधोमानक, 24 असुरक्षित और 11 मिथ्या छाप मिले। वर्ष 2024-25 में 504 नमूनों में 176 अधोमानक, 32 असुरक्षित और 15 मिथ्या छाप पाए गए।

वर्ष 2025-26 में 376 नमूनों की जांच में 189 अधोमानक, 43 असुरक्षित और 17 मिथ्या छाप मिले। वहीं 2026-27 में एक अप्रैल से 21 अक्टूबर तक लिए गए 156 नमूनों के सापेक्ष 230 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुईं। इनमें 80 अधोमानक, 11 असुरक्षित और एक मिथ्या छाप मिला। 56 नमूनों की रिपोर्ट अभी लंबित है।

दूध, खोवा और पनीर में सबसे ज्यादा गड़बड़ी

विभाग ने पिछले चार वित्तीय वर्षों में दूध, खोवा, पनीर, घी, मक्खन, तेल, मसाले, अनाज, दाल, मिठाई, नमकीन और बेकरी सहित 30 श्रेणियों के खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इनमें दूध और दुग्ध उत्पादों में लगातार गड़बड़ी सामने आई। सरसों तेल, अनाज और मिठाइयों के नमूने भी मानकों पर खरे नहीं उतरे। जांच में पनीर में फैट बहुत कम मिले। इसके अलावा दूध में भी पानी की ज्यादा मिलावट पाई गई।

चार वर्षों में 863 मामलों में वाद दायर

मिलावट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार वर्षों में 863 मामलों में वाद दायर किए गए। इनमें वित्तीय वर्ष 2023-24 में 242, 2024-25 में 223, 2025-26 में 238 और 2026-27 में 20 अक्टूबर तक 160 मामले शामिल हैं। इस दौरान कुल एक करोड़ चार लाख 32 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अकेले 2025-26 में 44.11 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

खाद्य पदार्थवार कार्रवाई में दूध से जुड़े मामलों में सबसे अधिक 11.81 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अन्य दुग्ध उत्पादों पर 7.75 लाख, पनीर पर 2.58 लाख, खोवा पर 2.35 लाख और मिठाई पर 2.26 लाख रुपये का जुर्माना लगा।

मिलावट रोकने के लिए फूड सेफ्टी आन व्हील्स वैन हर महीने एक सप्ताह तक जिले के प्रमुख बाजारों में पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाती है। मिलावट करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई जारी रहेगी। -जेपी सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य, बलिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।