बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले में रचा जाएगा इतिहास, पहली बार आ रहे जिम्मी और बांबे सर्कस
बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले में इस बार मनोरंजन का नया आकर्षण होगा, जहां पहली बार जिम्मी और बांबे सर्कस एक साथ संचालित होंगे।

ददरी मेले में पहली बार एक साथ दिखेंगे दो सर्कस।
HighLights
ददरी मेले में पहली बार दो सर्कस एक साथ संचालित होंगे।
जिम्मी और बांबे सर्कस दर्शकों के लिए नया मनोरंजन लाएंगे।
जिम्नास्टिक, कलाबाजियां और कलाकारों के करतब मुख्य आकर्षण होंगे।
जागरण संवाददाता, बलिया। भृगु मुनि के शिष्य दर्दर मुनि के नाम पर लगने वाले ऐतिहासिक ददरी मेले में इस बार मनोरंजन का नया आकर्षण देखने को मिलेगा। मेले में पहली बार एक साथ दो सर्कस संचालित होंगे।
जिम्मी और बांबे सर्कस के संचालक इसकी तैयारियों में रात-दिन जुटे हुए हैं। दोनों सर्कस के शुरू होने से मेले में आने वाले लोगों, खासकर बच्चों को मनोरंजन का नया विकल्प मिलेगा।
अब तक ददरी मेले में किसी तरह एक ही सर्कस संचालित हो पाता था, लेकिन इस बार दो सर्कस एक साथ दर्शकों के सामने होंगे। सर्कस संचालकों के अनुसार, पहले सर्कस में पालतू और जंगली जानवरों के करतब प्रमुख आकर्षण हुआ करते थे। उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते थे। हालांकि, जंगली जानवरों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगने के बाद सर्कस का स्वरूप बदल गया और इसका कारोबार भी प्रभावित हुआ।
इसके बावजूद सर्कस की लोकप्रियता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। अब जिम्नास्टिक, हैरतअंगेज कलाबाजियां और कलाकारों के विभिन्न करतब दर्शकों को आकर्षित करते हैं।
संचालकों का कहना है कि महंगाई के दौर में सर्कस का संचालन करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। इसके बावजूद सर्कस देखने के शौकीन लोग आज भी अपने बच्चों के साथ पहुंचते हैं। उम्मीद है कि ददरी मेले में भी दोनों सर्कस को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिलेगा।