ददरी मेले में ऐतिहासिक चेतक प्रतियोगिता और केसरी दंगल का आयोजन, सजेगी बॉलीवुड-भोजपुरी कलाकारों की महफिल
बलिया में ऐतिहासिक ददरी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जिसमें 29 नवंबर को चेतक प्रतियोगिता और 1 दिसंबर को बलिया केशरी दंगल का आयोजन होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
29 नवंबर को चेतक प्रतियोगिता, 1 दिसंबर को बलिया केशरी दंगल।
गोविंदा, कल्पना पटवारी जैसे सितारे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देंगे प्रस्तुति।
89 एकड़ में फैले मेले की निगरानी 80 सीसीटीवी कैमरों से।
जागरण संवाददाता, बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसके तहत 29 नवंबर को आयोजित होने वाली चेतक प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त होंगे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी बलिया ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा शामिल होंगे। प्रतियोगिता में गैर जनपदों से भी घुड़सवार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, एक दिसंबर को बलिया केशरी दंगल का आयोजन किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का होगा आयोजन
नगर पालिका परिषद बलिया के अध्यक्ष संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल ने बताया कि इस वर्ष ददरी मेले में खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ भारतेंदु कला मंच पर बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों एवं गायकों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सभी कार्यक्रम प्रभारियों की तैनाती कर दी गई है।
नगर पालिका परिषद की ओर से मेले की तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि ददरी मेला एक से पांच दिसंबर तक खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ आयोजित होगा।
इसके अलावा भारतेंदु कला मंच पर 13 दिसंबर को दिन में 11 बजे संत समागम, 19 दिसंबर को रात 8 बजे कव्वाली तथा 20 दिसंबर को दिन में समापन एवं सहभोज का कार्यक्रम होगा। 89 एकड़ में फैले पूरे मेले की निगरानी 80 सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।
भारतेंदु कला मंच पर सजेगी सितारों की महफिल
मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश के चर्चित कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। पांच दिसंबर को रात 8 बजे गणेश वंदना और डांस ग्रुप की प्रस्तुति होगी। इसके बाद रात 9:30 बजे भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी अपनी प्रस्तुति देंगी।
इसी क्रम में पांच दिसंबर को ही रात 8 बजे वाद्ययंत्र जाइलोफोन म्यूजिक स्टार लिपिका सामंथा और डांस ग्रुप का कार्यक्रम होगा। रात 9 बजे इंडियन आइडल रनरअप एवं बॉलीवुड गायक सलमान अली अपनी प्रस्तुति देंगे।
11 दिसंबर को रात 9 बजे भोजपुरी नाइट का आयोजन होगा। इसमें भोजपुरी गायक समर सिंह, गायिका खुशी कक्कड़ तथा नृत्यांगनाएं माही और मनीषा कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। वहीं, 14 दिसंबर को डांस ग्रुप की प्रस्तुति के बाद रात 10 बजे बालीवुड स्टार गोविंदा मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे।
17 दिसंबर को होगा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
ददरी मेले के अंतर्गत 17 दिसंबर को रात आठ बजे भारतेंदु कला मंच पर ऐतिहासिक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें हास्य कवि रोहित शर्मा, विनोद पाल, चेतन चर्चित, गीतकार तृष्या श्री एवं निलोट्पल मृणाल तथा शायर चिराग शर्मा और अजहर इकबाल अपनी रचनाओं से श्रोताओं को आनंदित करेंगे।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संत कुमार मिठाई लाल ने बताया कि मेले के सभी कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही हैं। विभिन्न आयोजनों के सफल संचालन के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।