मीरजापुर डिपो की बसों में 13110 महिलाओं ने की फ्री यात्रा, एक डॉक्यूमेंट से मिलेगा मुफ्त सफर का मौका
मीरजापुर डिपो की बसों में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत 13,110 बुजुर्ग महिलाओं ने मुफ्त यात्रा की है। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं।

मीरजापुर रोडवेज बस स्टेशन। फोटो जागरण
HighLights
13,110 बुजुर्ग महिलाओं ने मीरजापुर डिपो की बसों में मुफ्त यात्रा की।
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का लाभ उठा रही हैं महिलाएं।
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आधार कार्ड दिखाकर मुफ्त सफर।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शुरू की गई लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का लाभ बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं उठा रही हैं। योजना के तहत मीरजापुर डिपो की बसों में शुरुआत से 25 नवंबर तक 13,110 महिलाओं ने निश्शुल्क यात्रा की। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा दी जा रही है। यात्रा के दौरान उन्हें केवल आधार कार्ड दिखाना होता है।
मुख्यमंत्री ने 26 अगस्त 2026 को योजना की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य बुजुर्ग महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में आर्थिक राहत देना और उनका आवागमन सुगम बनाना है।
अब रिश्तेदारों के यहां जाने, अस्पताल पहुंचने, धार्मिक स्थलों के दर्शन करने या अन्य जरूरी कामों के लिए यात्रा करते समय उन्हें किराये की चिंता नहीं करनी पड़ती। मीरजापुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अरविंद मिश्रा के अनुसार, योजना शुरू होने के बाद निशुल्क यात्रा करने वाली महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ी है।
अगस्त में 215 महिलाओं ने इसका लाभ लिया। सितंबर में यह संख्या 3,606 और अक्टूबर में 5,273 रही। नवंबर में 25 तारीख तक 4,016 महिलाएं योजना के तहत यात्रा कर चुकी थीं।
इस तरह अगस्त से 25 नवंबर तक कुल 13,110 महिलाओं ने मुफ्त सफर किया। योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया सरल है। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को बस में यात्रा के दौरान अपना आधार कार्ड दिखाना होता है। इसके बाद उन्हें किराया नहीं देना पड़ता।