बलिया में बच्चों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार; इन लोगों को बनाते थे निशाना
बलिया में पुलिस ने बच्चों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जिसमें चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। आरोपितों ने कई राज्यों में फैले अपने गिरोह के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने आरोपितों के पास से 35000 रुपये भी बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश के लिए जांच जारी है।

जागरण संवाददाता, बलिया। पुलिस ने बच्चों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के चंगुल से दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त भी कराया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों लड़कियां बलिया के मनियर से लगभग एक महीना पहले गायब हुई थीं। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रविवार को बताया कि बीते 24 दिसंबर को 17 वर्षीय लड़की इंटर की प्रायोगिक परीक्षा देने के लिए घर से स्कूल के लिए निकली थी लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटी।
लड़की की मां की तहरीर पर पुलिस ने 29 दिसंबर को एफआइआर दर्ज कर ली। इसके कुछ ही दिनों बाद 13 जनवरी, 2025 को 16 साल की दसवीं की एक छात्रा स्कूल जाने के लिए निकली लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने जांच शुरू की और सुराग के आधार पर कई जगहों पर छापेमारी की कार्रवाई भी की।
इसके बाद पुलिस ने राजस्थान के पाली जिले के अशोक कुमार कुमावत, किशन भाटी के साथ मनियर के गौरा बगही (गंगापुर) के मोहन यादव और 17 साल के एक आरोपित को गिरफ्तार किया। दोनों लड़कियों को आरोपितों के चंगुल से मुक्त करा लिया गया है।
पूछताछ में आरोपितों ने कई राज्यों में फैले अपने गिरोह के बारे में जानकारी दी। आरोपित ऐसी लड़कियों को अपने जाल में फंसाते थे जो किसी बात को लेकर अपने घरवालों से नाराज होती थीं। इसके बाद उन्हें दूसरे राज्यों में शादी या घरेलू कार्यों के लिए बेच देते थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से 35,000 रुपये भी बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश के लिए जांच जारी है।
बलिया में मुंडन संस्कार आए दो किशोरी सहित तीन गंगा में डूबे, एक की मौत
वहीं शहर के पास शिवरामपुर घाट पर रविवार को मुंडन संस्कार में आए दो किशोरी और एक युवक गंगा डूब गए जबकि तीन युवक और दो किशोरियों को नाविकों ने बचा लिया। शोरगुल सुनकर पहुंचे आसपास के गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद एक किशोरी के शव को निकाल लिया जबकि दो की तलाश की जा रही है।
मुंडन संस्कार का मुहूर्त होने के कारण शिवरामपुर घाट पर सुबह से ही भीड़ उमड़ने लगी थी। दुबहर क्षेत्र छोटका दुबहर निवासी 19 वर्षीय अंकित कुमार क्षेत्र के ही अड़रा निवासी रिश्तेदार के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए घाट पर गए थे। वह तीन अन्य साथियों के साथ गंगा में नहाने लगे। इस दौरान वह गहरे पानी में समा गए।
यहां उपस्थित नाविकों ने तीन अन्य युवकों को बचा लिया जबकि अंकित डूब गया। इसी तरह अपने चचेरे भाई के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए नगरा क्षेत्र के गोठई निवासी अवधेश राजभर की 15 वर्षीय पुत्री आस्था राजभर और श्रीभगवान राजभार की 17 वर्षीय पुत्री खुशी राजभर सहेलियों के साथ गंगा में स्नान कर रही थी कि गहरे पानी में चली गई।
मछुआरों ने दो युवतियों को सुरक्षित बचा लिया। जबकि आस्था और खुशी गहरे पानी में डूब गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई। शाम को खुशी का शव बरामद किया गया।
इसे भी पढ़ें: द्वारपूजा के बाद डांसरों को लेकर घरातियों और बरातियों में चलने लगे लात घूंसे, दूल्हे को भी पीटा; एक की मौत...
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।