बलिया के ददरी मेले में 20 लीटर दूध देने वाली मुर्रा भैंस का जलवा, एक करोड़ का घोड़ा भी बना आकर्षण का केन्द्र
बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले में 5.55 लाख रुपये की मुर्रा नस्ल की भैंस और एक करोड़ रुपये का घोड़ा 'देवा' आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

पशु मेला में भैस के साथ मौजूद पशुपालक। जागरण
HighLights
ददरी मेले में 5.55 लाख की मुर्रा भैंस बनी आकर्षण।
यह भैंस प्रतिदिन 20 लीटर दूध देती है, हरियाणा से लाई गई।
एक करोड़ का घोड़ा 'देवा' भी मेले में लोगों को लुभा रहा।
जागरण संवाददाता, बलिया। बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले में 5.55 लाख रुपये की मुर्रा नस्ल की भैंस आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है तो वहीं एक करोड़ का घोड़े का भी जलवा देखने को मिल रहा है। इन बेशकीमती पशुओं को देखने के लिए मेले में लोगों की भीड़ जुट रही है।
शिवरामपुर निवासी पशुपालक दयाशंकर यादव अपनी मुर्रा नस्ल की भैंस लेकर मेले में पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि इस भैंस को वह हरियाणा से खरीदकर लाए हैं।
दयाशंकर के मुताबिक, भैंस प्रतिदिन करीब 20 लीटर दूध देती है। इसके साथ उसका एक बछड़ा भी है, जिसका नाम कटप्पा रखा गया है। भैंस की कीमत और दूध देने की क्षमता जानकर मेले में आने वाले लोग उसके बारे में जानकारी लेने पहुंच रहे हैं। इस भैंस के खरीदार भी अभी तक नहीं मिले हैं।
सफेद घोड़ा देखने के दूर-दूर से आए लोग
मेले में इन दिनों एक करोड़ का घोड़ा देवा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जिले के धरहरा से आया यह सफेद घोड़ा देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। इसी पंडाल में बुलेट, राजा और बादल चेतक प्रतियोगिता में हवा से बात करने को तैयार है। देवा की सुंदरता व लंबाई, ऊंचाई हर किसी का दिल जीत ले रहा है।
सेंट जेवियर्स धरहरा के निदेशक अभिनव तिवारी के चार घोड़े मेले में उतरे हैं इनमें देवा गुलाबी नोकड़ा कलर का है। उन्होंने बताया कि इस घोड़े को गुजरात से खरीद कर लाए थे। उस समय यह तीन माह का था। अब चार साल का हो गया है। यह घर के बच्चे की तरह है। इसको सुबह व शाम 12-12 लीटर कच्चा दूध पिलाया जाता है। इसके लिए दो गाय रखी गई हैं। साथ ही गुजरात से इसके लिए विशेष डाइट मंगाई जाती है।
घोड़े की खासियत है कि इसके सफेद कलर पर सूर्य की रोशनी पड़ते ही गुलाबी दिखाई देने लगेगा। बताया कि अभी पुष्कर मेले में यह घोड़ा गया था। वहां पर एक व्यापारी इसकी कीमत एक करोड़ रुपये दे रहा था, लेकिन बिक्री नहीं करनी थी। यहां अभी इस तरह का कोई खरीदार नहीं आया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।