ददरी मेले में 14 दिसंबर को आ रहे हैं बॉलीवुड स्टार गोविंदा, सांस्कृतिक कार्यक्रम से सजेगा भारतेंदु मंच
बलिया का ऐतिहासिक ददरी मेला कार्तिक पूर्णिमा से शुरू होकर अब एक नगर का रूप ले चुका है, जहाँ ग्रामीण खरीदारी के लिए उमड़ रहे हैं।

ददरी मेला के मीना बाजार में लगा झूला। जागरण
HighLights
ददरी मेला अब एक नगर का स्वरूप ले चुका है।
पांच दिसंबर से भारतेंदु मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू।
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा 14 दिसंबर को मेले में पहुंचेंगे।
जागरण संवाददाता, बलिया। महर्षि भृगु की पावन धरती पर कार्तिक पूर्णिमा से शुरू हुआ ऐतिहासिक ददरी मेला अब धीरे-धीरे एक नगर का स्वरूप ले चुका है। मेले में दुकानों की कतारें सज गई हैं और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। सुबह से शाम तक मेले में लोगों की आवाजाही बनी हुई है।
घरेलू उपयोग के सामान से लेकर खिलौने, खानपान और अन्य जरूरतों की दुकानें लोगों को आकर्षित कर रही हैं। भारतेंदु मंच पर पांच दिसंबर से सुरों की महफिल सजेगी। इसकी शुरुआत प्रसिद्ध लोकगायिका कल्पना पटवारी की प्रस्तुति से होगी। आठ दिसंबर को आयोजित होने वाली बालीवुड नाइट में गायक सलमान अली और लिपिका अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।
11 दिसंबर को भोजपुरी संगीत प्रेमियों के लिए खास शाम होगी। इस दिन भोजपुरी गायक समर सिंह, खुशी कक्कड़ और सोना सिंह अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के क्रम में 13 दिसंबर को आध्यात्मिक वातावरण के बीच संत समागम का आयोजन होगा। वहीं, 14 दिसंबर को बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा मेले में पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भी लोगों में उत्सुकता है।
ददरी मेले के चलते सड़कों पर बढ़ी भीड़, शहर में लग रहा जाम
ददरी मेले के चलते इन दिनों राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-31 सहित कदम चौराहा-धरनीपुर संपर्क मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। इसके चलते जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही है। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भीड़ में फंसे संतोष सिंह ने बताया कि सड़क के किनारे अतिक्रमण के चलते ऐसा हो रहा है। सड़क पर ही वाहन खड़े हो रहे हैं। सड़क किनारे नाले पर दुकानदारों ने सामान फैला रखा है। ऐसे में ददरी मेले में जाने वाले लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।