विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में कार्तिक पूर्णिमा पर उमडे़गा आस्था का महासंगम, ददरी मेले का भी लोग लेंगे आनंद

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 05:46 PM (IST)

बलिया में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा-तमसा संगम तट पर 24 नवंबर को 10 लाख श्रद्धालुओं के पुण्य स्नान करने का अनुमान है। इस अवसर पर ददरी मेले का भी आयोजन होगा, जिसके लिए सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा के लिए 900 कांस्टेबल समेत भारी पुलिस बल तैनात, हेलीकाप्टर से होगी पुष्पवर्षा।

सुरक्षा के लिए 900 कांस्टेबल समेत भारी पुलिस बल तैनात, हेलीकाप्टर से होगी पुष्पवर्षा।

HighLights

  1. कार्तिक पूर्णिमा पर बलिया में 10 लाख श्रद्धालु करेंगे स्नान।

  2. गंगा-तमसा संगम तट पर ददरी मेले का भी आनंद।

  3. सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा।

जागरण संवाददाता, बलिया। महर्षि भृगु की तपोभूमि एक बार फिर आस्था, श्रद्धा और भक्ति के विराट संगम की साक्षी बनने जा रही है। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर 24 नवंबर को गंगा-तमसा के संगम तट पर लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं के पुण्य स्नान करने का अनुमान है। भोर की पहली किरण के साथ ही हर-हर गंगे के उद्घोष से गंगा के घाट गुंजायमान होंगे।

श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद अन्न-वस्त्र का दान करेंगे और महर्षि भृगु, दर्दर मुनि तथा बाबा बालेश्वर नाथ के मंदिर में दर्शन-पूजन कर पुण्य अर्जित करेंगे। इस बार श्रद्धालुओं पर हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा भी आकर्षण का केंद्र होगी। स्नान के साथ लोग ददरी मेले का भी आनंद लेंगे। पहले दिन मेले में भी काफी भीड़ होती है।

झूला स्थापित करने का कार्य अब पूर्ण हो गया है। सभी तरह की दुकानें भी मेले में सज गई हैं।कार्तिक पूर्णिमा के एक दिन पहले से ही भृगु क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण बनने लगा है। गंगा की रेती पर संत-महात्माओं के शिविर सजने लगे हैं। ग्रामीण अंचलों से महिलाओं की टोलियां भजन-कीर्तन करते हुए नगर की ओर आ रहीं हैं।

आसपास के जनपदों के साथ बिहार से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन विभाग की ओर से 140 बसों का संचालन अलग-अलग मार्गों पर किया जाएगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था की है।

सुरक्षा के किए गए हैं पुख्ता इंतजाम
पूरे मेला क्षेत्र को सात जोन और 16 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर की जिम्मेदारी मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। शिवरामपुर घाट पर करीब 10 वाच टावर बनाए गए हैं।

अन्य प्रमुख स्थानों पर भी निगरानी के लिए वाच टावर स्थापित किए जा रहे हैं। प्रतिबंधित घाटों पर श्रद्धालुओं को स्नान करने से रोकने के लिए विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा। पांच क्षेत्राधिकारी, 35 निरीक्षक, 250 उपनिरीक्षक, 250 हेड कांस्टेबल और करीब 900 कांस्टेबल लगाए गए हैं।

डीएम-डीआइजी और एसपी ने किया घाट का निरीक्षण
जागरण संवाददाता, बलिया : कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, डीआइजी सुनील कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने श्रीरामपुर घाट का औचक निरीक्षण किए। अधिकारियों ने घाट का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सभी घाटों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि घाट पर पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित कराई जाए।

डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से पूरे कर लिए जाएं। घाटों पर स्वच्छता के साथ सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। वहीं, डीआइजी और एसपी ने सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।