बलिया के ददरी मेले में बदायूं का झूला बना आकर्षण का केंद्र, 700 दुकानें और कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारी
बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले में इस बार बदायूं का झूला मुख्य आकर्षण है, जिसका ठेका 1.60 करोड़ रुपये से अधिक में हुआ है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बदायूं का झूला ददरी मेले का प्रमुख आकर्षण बना।
मेले में 700 दुकानें लगेंगी, 24 नवंबर से शुरू।
श्रद्धालुओं के लिए गंगा स्नान व पार्किंग के इंतजाम।
जागरण संवाददाता, बलिया। बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले में इस बार बदायूं का झूला आकर्षण का केंद्र बनेगा। झूला संचालन का ठेका एक करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपये में दिया गया है। पिछले वर्ष झूले की नीलामी से एक करोड़ 32 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस बार 28 लाख 50 हजार रुपये अधिक मिले हैं।
मेले में चरखी, ब्रेक डांस, रेंजर झूला और अन्य झूले लगाने का काम तेजी से चल रहा है। मौत का कुआं तैयार करने में भी कारीगर जुटे हुए हैं। झूलों के बड़े-बड़े ढांचे खड़े किए जा रहे हैं। वहीं, बाहर से आए मजदूर और तकनीकी कारीगर इन्हें अंतिम रूप देने में लगे हैं।
अध्यात्मिक इतिहास को समेटे है ददरी मेला
सनातन संस्कृति में पुष्पित और पल्लवित बलिया का ददरी मेला अपने अंदर कई तरह के अध्यात्मिक इतिहास को समेटे आज भी खड़ा है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन पूर्वांचल के लोग भृगु धरती की गंगा में स्नान कर धन्य होते हैं। स्नान घाट की तैयारी तेजी से चल रही है। 24 नवंबर को गंगा स्नान के साथ ददरी मेला भी शुरू हो जाएगा।
मेले में बाहर से आने वाले दुकान अपनी चिह्नित जमीन की साफ-सफाई में जुटे हैं। गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए हर तरह के इंतजाम किए जा रहे हैं।
ददरी मेले में हर साल लगभग 700 दुकानें लगती हैं। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के एक दिन पूर्व ही शहर में श्रद्धालु उमड़ने लगते हैं। स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी श्रद्धालु रहते हैं।
श्रद्धालुओं के लिए लाइट और पेयजल की भी व्यवस्था की जा रही है। दूर दराज से स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए भी इंतजाम किया जा रहा है। रोडवेज की ओर से जिले के विभिन्न रूटों पर केवल स्नानार्थियों के लिए संचालित होंगी। इसकी तैयारी बलिया डिपो की ओर से की गई है। गंगा घाटों पर गोताखोरों की तैनाती के साथ नदी तट पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की जा रही है।
चार पार्किंग स्थलों की हो रही व्यवस्था
सिटी मजिस्ट्रेट व प्रभारी ईओ नगर पालिका परिषद आसाराम वर्मा ने बताया कि पार्किंग मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों को जाम व वाहन खड़ा करने की समस्या से बचाने के लिए चार पार्किंग स्थल बनाया जा रहा है। प्रयास है कि मेले के दौरान यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुचारु रहे, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।