पांच हजार वर्ष पुरानी परंपरा का साक्षी ऐतिहासिक ददरी मेला, तीन किमी में पहले लगता था मेला
बलिया का ऐतिहासिक ददरी मेला लगभग पांच हजार वर्ष पुराना है, जो धार्मिक आस्था, पौराणिक मान्यताओं और व्यापार का जीवंत ...और पढ़ें

बलिया का ऐतिहासिक ददरी मेला पांच हजार वर्ष पुरानी परंपरा का साक्षी।
HighLights
ददरी मेला लगभग पांच हजार वर्ष पुराना ऐतिहासिक आयोजन है।
यह धार्मिक आस्था, व्यापार और पौराणिक मान्यताओं का केंद्र है।
मेले में पारंपरिक खान-पान और पशु व्यापार का विशेष महत्व।
मिलन गुप्ता, बलिया। महर्षि भृगु की पावन धरती पर लगने वाला ऐतिहासिक ददरी मेला केवल व्यापार और मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, पौराणिक मान्यताओं और ऐतिहासिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। मान्यता है कि यह मेला करीब पांच हजार वर्ष पुराना है। इसके पीछे ऋषि-मुनियों के उन प्रयासों की कथा जुड़ी है, जिनका उद्देश्य गंगा की जलधारा को अविरल बनाए रखना था।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, महर्षि भृगु ने अपने शिष्य दर्दर मुनि के माध्यम से सरयू नदी की जलधारा को अयोध्या से बलिया में मिलाया था। उन्हीं के नाम पर ददरी मेले की परंपरा प्रचलित होने की मान्यता है। प्रतिवर्ष कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान के बाद मेले का आयोजन शुरू होता है। इतिहासकार डा. शिवकुमार सिंह कौशिकेय के अनुसार, महर्षि भृगु के बलिया आगमन का उल्लेख पद्मपुराण के उपसंहार खंड में मिलता है।
इसके अतिरिक्त ब्रिटिशकालीन बलिया गजेटियर में भी ददरी मेले के आयोजन का वर्णन है। बौद्ध धर्म के चीनी तीर्थयात्री फाह्यान और ह्वेनसांग के यात्रा वृत्तांतों में भी इस क्षेत्र और मेले से संबंधित उल्लेख मिलते हैं। इतिहास में वर्ष 1739 की एक महत्वपूर्ण घटना का जिक्र है।
उस समय ददरी मेले की नीलामी कौशिक राजपूतों से लेकर काशी नरेश बलवंत सिंह को तीन लाख रुपये में दी गई थी। बलवंत सिंह ने मेले से आमदनी होने के बाद नीलामी की तीन लाख रुपये की राशि के साथ अतिरिक्त नजराना भी जमा किया था। वर्ष 1739 से 1764 तक मेले को काशी नरेश का संरक्षण प्राप्त रहा।
इसके अलावा वर्ष 1302 में बख्तियार खिलजी के आक्रमण के बाद इस भूभाग के प्रशासनिक स्वरूप में बदलाव आया। मुगल शासनकाल में भी मेले की व्यवस्था मुख्य रूप से संत-महात्माओं के संरक्षण में होती रही। वर्ष 1798 में गाजीपुर जिला बनने के बाद बलिया तहसील बना। इसके बाद कार्तिक पूर्णिमा स्नान और ददरी मेले की व्यवस्था गाजीपुर के जिलाधिकारी के निर्देशन में बलिया के परगनाधिकारी द्वारा की जाने लगी।
एक नवंबर 1879 को बलिया जिला बनने के बाद मेले की शासकीय व्यवस्था जिलाधिकारी के निर्देशन में जिला प्रशासन और नगरपालिका के जिम्मे आ गई।प्रसिद्ध साहित्यकार भारतेन्दु हरिश्चंद्र ने भी वर्ष 1884 में अपने हिंदी आलेख 'भारतवर्षोन्नतिकैसे' में ददरी मेले का उल्लेख किया है। आज भी मेले में स्थापित ऐतिहासिक भारतेंदु कला मंच पर धार्मिक सत्संग, प्रवचन, दंगल और ददरी महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित होते हैं। कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर भव्य गंगा आरती होती है। वहीं गंगा और तमसा के तट पर पूरे कार्तिक मास संत-महात्मा कल्पवास करते हैं।
गुड़ही जलेबी, चिउड़ा और सत्तू से महकता था मेला
90 वर्षीय अवध बिहार चौबे ने बताया कि वह 1953 से मेला देख रहे हैं। इनके मुताबिक ददरी मेले की पुरानी परंपराओं में खान-पान और पशु व्यापार का भी विशेष महत्व रहा है। उस दौर में मेले में आने वाले लोगों के खान-पान में गुड़ही जलेबी, चिउड़ा और सत्तू प्रमुख हुआ करते थे। गंगा की तलहटी में चना और जौ की खेती ज्यादा होती थी तो गंगा के किनारे वाले लोग इसके सत्तू लेकर आते थे।
बर्तन की आवश्यकता नहीं होती थी। गमछे में ही सत्तू को सानकर खाते थे। बांगर के लोग चिउरा गुड़ लेकर आते थे। दूर-दराज के गांवों से पशुओं की खरीद-बिक्री करने वाले व्यापारी बैलगाड़ियों से मेले में पहुंचते थे। खास बात यह थी कि उनकी बैलगाड़ियां तीन से चार मंजिला तक होती थीं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनती थीं। इन बैलगाड़ियों पर व्यापारी अपने परिवार, सामान और जरूरी सामग्री के साथ लंबी दूरी तय कर मेले में पहुंचते थे और बड़े चाव से लिट्टी-चोखा बनाते थे।
उस समय ददरी मेला केवल पशु व्यापार का बड़ा केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन, खान-पान और लोक संस्कृति का अनूठा संगम हुआ करता था। कदम चौराहे से लेकर शिवरामपुर तक के अलावा उत्तर तरफ करीब तीन किलोमीटर तक मेला लगता था। कानपुर व मथुरा से नौटंकी आते थे। आज मेला का स्वरूप 89 एकड़ एरिया में सिमट गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।