बलिया के ददरी मेले में बिहार के घोड़ों का जलवा, चेतक प्रतियोगिता में ‘सम्राट’ ने हासिल किया पहला स्थान
बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले की चेतक प्रतियोगिता में बिहार के घोड़ों का दबदबा रहा। भोजपुर के 'सम्राट' ने पहला, मोतिहारी के 'बाबा' ने दूसरा और बक्सर के 'बक्सर एक्सप्रेस' ने तीसरा स्थान हासिल किया।

चेतक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सम्राट घोड़े के मालिक डब्लू राय ट्रॉफी के साथ। जागरण।
HighLights
बलिया ददरी मेले की चेतक प्रतियोगिता में बिहार का दबदबा।
भोजपुर के 'सम्राट' ने जीता पहला, 'बाबा' को दूसरा स्थान।
यूपी-बिहार के 25 घुड़सवारों ने लिया, कड़ा मुकाबला।
जागरण संवाददाता, बलिया। ददरी मेले की ऐतिहासिक चेतक प्रतियोगिता में रविवार को घोड़ों की टाप और दर्शकों के उत्साह ने नंदी ग्राम का माहौल रोमांच से भर दिया। यूपी और बिहार के घुड़सवारों के बीच हुई कांटे की टक्कर देखने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी। घोड़ों की शानदार चाल, फुर्ती और घुड़सवारों के संतुलन ने लोगों को खूब आकर्षित किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह मस्त और जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में बिहार के घुड़सवारों ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। लीग मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार चक्र में बिहार के घोड़े फाइनल तक पहुंचे और वहां भी अपनी बढ़त कायम रखी।
डब्लू राय के ‘सम्राट’ घोड़े ने हासिल किया पहला स्थान
भोजपुर (बिहार) के डब्लू राय के ‘सम्राट’ घोड़े ने अपनी बेहतरीन चाल और फुर्ती के दम पर पहला स्थान हासिल किया। मोतिहारी के फरहान खान का घोड़ा ‘बाबा’ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि सेमरी बक्सर के योगेंद्र ठाकुर का घोड़ा ‘बक्सर एक्सप्रेस’ तीसरे स्थान पर रहा।
इस बार प्रतियोगिता में कुल 25 घोड़ों ने अपने घुड़सवारों के साथ हिस्सा लिया। यूपी और बिहार के प्रतिभागियों के बीच हर दौर में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैदान में घोड़ों की कदमताल के साथ घुड़सवारों का कौशल भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। फाइनल मुकाबले के दौरान दर्शकों की निगाहें मैदान पर टिकी रहीं और विजेताओं के प्रदर्शन पर खूब तालियां बजीं।
प्रथम स्थान वाले घुड़सवार को मिली बुलेट
प्रतियोगिता के समापन पर नगरपालिका अध्यक्ष संत कुमार गुप्ता मिठाई लाल, सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा और कोषाधिकारी आनंद दुबे की ओर से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले घुड़सवार को बुलेट बाइक, दूसरे स्थान के विजेता को बाइक और तीसरे स्थान पर रहे घुड़सवार को स्कूटी प्रदान की गई।
ददरी मेले की यह प्रतियोगिता केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की पारंपरिक घुड़सवारी कला और ग्रामीण खेल संस्कृति को सहेजने का भी माध्यम है। नंदी ग्राम में उमड़ी हजारों की भीड़ ने साबित कर दिया कि आधुनिक मनोरंजन के दौर में भी चेतक प्रतियोगिता का आकर्षण बरकरार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।