'30 दिन, 10 लाख लोग और 50 करोड़ का व्यापार', ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बना बलिया का ऐतिहासिक ददरी मेला
बलिया का ऐतिहासिक ददरी मेला धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था का बड़ा केंद्र है, जहां एक महीने में 40-50 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। यह मेला लाखों लोगों की आवाजाही से खानपान, खरीदारी, मनोरंजन और पशु बाजार सहित कई क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को तेज करता है।
-1795833680414_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
ददरी मेला बलिया की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार।
एक महीने में 40-50 करोड़ रुपये का कारोबार।
लाखों लोगों की आवाजाही से आर्थिक गतिविधियां तेज।
मिलन गुप्ता, बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेला धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान के साथ जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी बड़ा केंद्र है। मेले में हर वर्ष 40 से 50 करोड़ रुपये तक का कारोबार होता है। एक महीने तक चलने वाले इस मेले में सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 30 हजार जबकि रविवार को यह संख्या बढ़कर 50 हजार के आसपास हो जाती है। बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही से खानपान, खरीदारी, मनोरंजन, परिवहन और पशु बाजार समेत कई क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां तेज हो जाती हैं।
यदि 30 दिनों में 26 सामान्य दिन और चार रविवार माने जाएं तो मेले में कुल आवाजाही करीब 10 लाख के करीब बैठती है। इसमें सामान्य दिनों के करीब आठ लाख और चार रविवार के दो लाख आगमन शामिल हैं। हालांकि इसमें एक ही व्यक्ति के बार-बार आने की संभावना भी है।
प्रति व्यक्ति औसतन 100, 200, 300 व 500 रुपये खर्च करने पर संभावित उपभोक्ता खर्च क्रमशः 10 करोड़, 20 करोड़, 29.40 करोड़ व 45 करोड़ रुपये होता है। इसके अलावा पशु बाजार, थोक खरीद-बिक्री, परिवहन और अन्य गतिविधियों को भी शामिल किया जाए तो यह आंकड़ा 50 करोड़ से ज्यादा हो जाता है।
सिटी मजिस्ट्रेट व प्रभारी ईओ आसाराम वर्मा ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही करीब 10 लाख लोग पहुंच गए थे।स्नान के बाद मेले का भी आनंद लिया। अब तक मेले में 13 लाख लोग आ चुके हैं।
झूलों पर 50 से 100 रुपये तक टिकट, सिर्फ नीलामी में ही एक करोड़ 60 लाख खर्च
झूला व्यापारी बबलू साहू के मुताबिक इस बार टिकट की दर 50 रुपये से अधिकतम 100 रुपये तक रखी गई है। सबसे बड़े झूलों में ज्वाइंट व्हील शामिल है, जिसमें एक साथ 50 लोग बैठ सकते हैं। इसकी शुरुआती दर 80 रुपये है। कोलंबस झूले में करीब 60 से 70 लोग एक साथ बैठ सकते हैं, जिसका टिकट 80 रुपये है।
वहीं ग्रेविटी झूले में गोल घूमने के दौरान लोग शीशे से चिपक जाते हैं। इसका टिकट 100 रुपये है। झूलों में करीब 10 प्रकार के हैं जिनमें एक साथ कई लोग बैठ सकते हैं। ऐसे में एक महीने में झूला संचालक न सिर्फ नीलामी की रकम एक करोड़ 60 लाख वसूल करेगा, बल्कि दो करोड़ रुपये से ज्यादा कमाने का लक्ष्य भी है।
रोजगार के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सहारा
मेले में गोलगप्पे, चाट, छोले-भटूरे, दही-भल्ला और अन्य खाद्य पदार्थ 20 रुपये से लेकर अधिकतम 100 रुपये तक में उपलब्ध हैं। जलेबी, मिठाई, समोसा और चाय की दुकानों पर भी भीड़ रहती है। खिलौने, कपड़े, बर्तन, घरेलू सामान भी ग्राहकों को आकर्षित करती हैं। सौंदर्य प्रसाधन के सामान 10 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक में मिल रहे हैं।
छोले व चाट कारोबारी दीपक गुप्ता ने बताया कि उन्होंने दुकान का आवंटन पिछली बार की तरह इस बार भी कराया है। पिछली बार ढाइ लाख रुपये की आय हुई थी, इस बार भी बेहतर उम्मीद है। मेले में पार्किंग, दुकान आवंटन और विभिन्न ठेकों से भी आय होती है। वहीं बिजली, डीजल, माल ढुलाई, खाद्य सामग्री की आपूर्ति और रखरखाव जैसे क्षेत्रों में भी कारोबार बढ़ता है।
सिर्फ पशु बाजार से पालिका को चार लाख की आय
पशु मेले से नगर पालिका को अब तक करीब चार लाख रुपये की आय हो चुकी है। यहां 434 घोड़े और 437 गाय-बैल व्यापारी लेकर पहुंचे हैं। प्रत्येक पशु की एंट्री पर 300 रुपये शुल्क लिया जा रहा है, जिससे 2,61,300 रुपये मिले हैं। बिक्री के बाद खरीदार को 500 रुपये देकर पंजीकरण कराना अनिवार्य है।
अब तक 292 पशुओं की बिक्री से घोड़ों के पंजीकरण के रूप में 73 हजार और गाय-बैलों से 73 हजार 500 रुपये प्राप्त हुए हैं। बिहार के सिवान से आए व्यापारी मुश्ताक के अनुसार घोड़े 25 से 70 हजार रुपये तक बिक रहे हैं, जबकि व्यापारी अमजद ने गायों की कीमत 18 से 22 हजार रुपये बताई।
इस बार पशु मेला नौ नवंबर से शुरू हो गया था। ऐसे में इसमें भी लाखों रुपये का काराेबार हो चुका है।
एक महीने का आयोजन ऐसे बदलता आर्थिक गतिविधि को
प्लानिंग विभाग के अनुसार जिले का वर्ष 2023-24 का जिला घरेलू उत्पाद लगभग 20,596 करोड़ रुपये लगभग रहा है। वहीं प्रदेश का वर्ष 2023-24 का जीएसडीपी लगभग 26.67 लाख करोड़ रुपये था। इस आधार पर यदि मेले का कारोबार 50 करोड़ रुपये या इससे ज्यादा माना जाए, तो यह जिले की 2023-24 की अर्थव्यवस्था के आकार का लगभग 0.25 प्रतिशत और प्रदेश की अर्थव्यवस्था के आकार का लगभग 0.0019 प्रतिशत बैठता है।
निश्चित तौर पर ददरी मेला धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन के साथ जिले की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। इसके लिए अब जमीन भी चिह्नित कर प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा ताकि इस मेले को बड़ा आकार और लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मिल सकें। -ज्ञानेंद्र सिंह, जिलाधिकारी, बलिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।