बलिया के ददरी मेले में गुड़ की जलेबी की धूम, हर दिन हजारों लोग कर रहे खरीदारी
बलिया का ददरी मेला अपनी रौनक और विविध उत्पादों के साथ लोगों को आकर्षित कर रहा है, जहाँ गुड़ की जलेबी की विशेष मांग है।
-1795965440172_m.webp)
ददरी मेले में जुटी लोगों की भीड़। जागरण
HighLights
मेले में देसी-आधुनिक सामानों की दुकानें लोगों को लुभा रही हैं।
गुड़ की जलेबी का स्वाद लेने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है।
भीड़ के अनुपात में व्यवस्थाओं और स्वच्छता की कमी चिंता का विषय।
जागरण संवाददाता, बलिया। ददरी मेले तस्वीर इन दिनों एक नगर के रूप में नजर आ रही है। यहां देसी उत्पादों के साथ आधुनिक घरेलू सामान, कपड़े, खिलौने और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानें लोगों को आकर्षित कर रही हैं। मेले में विभिन्न जनपदों से आए दुकानदारों की 700 से अधिक दुकानें सजी हैं। हर दिन हजारों लोग मेले में पहुंच रहे हैं।
कानपुर के खजला विक्रेता, सहारनपुर के काष्ठ कला के कारीगर और बिहार के कंबल व ऊनी वस्त्र के दुकानदार मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं। पांच, 10, 20, 40 और 100 रुपये के निर्धारित मूल्य वाली दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ जुट रही है। शादी वाले घरों के लोग अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि मेले में कई सामान बाजार की तुलना में सस्ते मिल जाते हैं।
बैरिया से मित्रों के साथ पहुंचे राजभवुन प्रसाद ने बताया कि वह हर साल मेले में आते हैं। यहां कुदाल, हसुआ, खुरपा, बेल्चा, रम्मा, टांगी और पशुओं को बांधने वाली रस्सी जैसे देसी सामान मिल जाते हैं, जो अब गांवों में आसानी से उपलब्ध नहीं होते।
मेले में परिवार के साथ पहुंचे बच्चे खूब मस्ती कर रहे हैं। वहीं मिठाई की दुकानों पर गुड़ की जलेबी का स्वाद लेने वालों की भीड़ है। कपड़ों और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ नजर आ रही है।
भीड़ के अनुपात में नहीं हुए हैं इंतजाम
मेले में प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही के बावजूद व्यवस्थाएं भीड़ के अनुपात में पर्याप्त नहीं दिख रही हैं। स्वच्छता का ध्यान मेले के अंदर रखा गया है, लेकिन बाहर निकलते ही जगह-जगह गंदगी नजर आती है।
मेले के चलते शहर में भी रोजाना जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। कदम चौराहा के पास दिन भर जाम की स्थिति रह रही है। मेले को लेकर ई-रिक्शा के लिए भी कोई ठोस प्लान नहीं बनाया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।