बलिया: जाते-जाते सरयू में कटान तेज, गोपालनगर में नदी में समा रही किसानों की जमीन और मकान
सरयू नदी का जलस्तर घटने से बलिया के सुरेमनपुर दियरांचल में कटान तेज हो गया है, जिससे उपजाऊ जमीन और मकान नदी में समा रहे हैं।

सरयू नदी का जलस्तर घटने के साथ कटान
HighLights
सरयू नदी का जलस्तर घटने से कटान हुआ तेज।
उपजाऊ जमीन और 12 से अधिक मकान खतरे में।
सिंचाई विभाग की अनदेखी से किसान भूमिहीन हुए।
जागरण संवाददाता, बलिया। सुरेमनपुर दियरांचल में सरयू नदी का जलस्तर घटने के साथ कटान तेज हो गया है। शुक्रवार शाम से शनिवार दोपहर तक वशिष्ठ नगर, गोपाल नगर, मानगढ़, गोपाल नगर टाड़ी और शिवाल मठिया के सामने तीन किलोमीटर में किसानों की उपजाऊ जमीन नदी में रोज समाहित हो रही है।
वहीं गोपाल नगर टाड़ी और शिवाल मठिया में 12 से अधिक मकान कटान के मुहाने पर खड़े हैं। ये मकान कभी भी नदी में बदल सकते हैं। सरयू का पानी कम होने के बाद पूरे क्षेत्र में कटान का खतरा बढ़ गया है। उपजाऊ जमीन और आबादी वाले इलाके के करीब 50 किसान कटान में भूमि गिरने के कारण भूमिहीन हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- बलिया में फिर बढ़ने लगा सरयू नदी का जलस्तर, बाढ़ के पानी से घिरे 23 गांव
कटान की स्थिति से अवगत होने के बाद भी सिंचाई विभाग बाढ़ खंड की ओर से कोई बचाव कार्य नहीं किया जा रहा है। विजय सिंह, हंसराज यादव, संतोष यादव, भोली चौधरी और शिवजी चौधरी आदि ने बताया कि सूचना देने के बावजूद अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचे। तत्काल कटान रोकने के उपाय नहीं किए जाते तो किसी की भी जमीन नहीं बच पाएगी।
