Ballia Crime News: बाजार में सब्जी लेने गए व्यक्ति की गला दबाकर हत्या, शव को दियरा में फेंका
बलिया के दोकटी क्षेत्र में एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उपेंद्र मिश्रा के रूप में हुई जो नोएडा में नौकरी करते थे और गांव में बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने आए थे। पुलिस को गले पर निशान मिले हैं और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

जागरण संवाददाता, बलिया। दोकटी क्षेत्र के बहुआरा दियारा में बीएसटी बंधा के पास रविवार को 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास झोला और साइकिल पड़ी थी। सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शव की पहचान उपेंद्र मिश्रा निवासी लूटईपुर के रूप में की गई।
मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक गले पर निशान मिले हैं। किसी ने हाथ से गला दबाकर हत्या कर दी। शव को छिपाने के लिए दियरा में फेंक दिया। जांच के लिए विसरा सुरक्षित रख दिया गया है।
ग्राम पंचायत बहुआरा के पुरवा लूटईपुर निवासी उपेंद्र मिश्रा नोएडा में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। उनका परिवार भी वहीं पर रहता है। एक पखवारे से वह बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए गांव आए थे।
परिवार के लोगों का कहना है कि शनिवार को वह सब्जी लाने के लिए साइकिल से निकले थे। काफी रात तक वह वापस नहीं आए तो संभावित स्थानों पर खोजा गया लेकिन कोई पता नहीं चला।
रविवार को सुबह कुछ लोगों ने बंधे उस पार बहुआरा दियारा में किसी व्यक्ति का शव होने की जानकारी दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस से संपर्क किया। इंटरनेट मीडिया पर फोटो देखकर पहचान लिया। जानकारी होते ही परिवार पर गम का पहाड़ टूट गया।
थानाध्यक्ष हरिशंकर सिंह ने बताया कि मृतक के भाई तारकेश्वर ने सूचना दी है कि वह शाम को सब्जी लेने निकले थे। इसी आधार पर पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया गया है। अभी तक रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
दियरा में साइकिल सहित पहुंचने पर सवाल
मृतक उपेंद्र मिश्र साइकिल से सब्जी लेने के लिए बाजार में गए थे। वह दियरा में कैसे पहुंचे? इस सवाल का जवाब भाई के साथ ही साथ गांव के लोग भी नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस अभी तहरीर के इंतजार में हैं। घटनास्थल पर झोला भी बरामद किया गया है। परिवार के लोग भी इस बात से हैरान है। हालांकि, पुलिस की जांच में मामला स्पष्ट हो जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।