कॉकरोच जनता पार्टी के दिल्ली प्रदर्शन में शामिल होगी आप, संजय सिंह का बड़ा ऐलान
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने घोषणा की है कि आप 10 अक्टूबर को दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन में शामिल होगी।

HighLights
आप 10 अक्टूबर को सीजेपी के दिल्ली प्रदर्शन में शामिल होगी।
संजय सिंह ने लोकतंत्र की रक्षा और पारदर्शिता पर जोर दिया।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, बलिया। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले विरोध प्रदर्शन का आयोजन कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) करेगी, लेकिन आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी इसमें शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन लोकतंत्र की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रहे स्व. रामगोविंद चौधरी के तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के बाद सिकंदरपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी ने दो अक्टूबर को हुए विरोध प्रदर्शन में भी भाग लिया था। 10 अक्टूबर को देशव्यापी आंदोलन की योजना है।
गौरतलब है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन के लिए जुट रही है। पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके का कहना है कि चुनाव आयोग के कामकाज में पारदर्शिता की कमी है। इससे पहले सीजेपी ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन कर चुकी है।
सीजेपी के पिछले विरोध प्रदर्शन के दौरान विपक्षी दलों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था, लेकिन इस बार कुछ दल इससे बचते नजर आ रहे हैं। हालांकि, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आम आदमी पार्टी के आंदोलन में शामिल होने की घोषणा की है।
