मैं शेर हूं जो चाहूंगा वहीं करूंगा… कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने दिया बयान, बताया सत्ता में आने का कारण
ओम प्रकाश राजभर ने लोकसभा चुनाव में मिली हार का ठीकरा भाजपा पर फोड़ा है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जनता ने पीएम मोदी और सीएम योगी को नकार दिया है। बता दें कि घोसी लोकसभा सीट पर ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें इंडी गंठबंधन के सपा प्रत्याशी राजीव राय से करारी शिकस्त मिली है।
संवाद सूत्र जागरण, बलिया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तथा सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि पंचायती चुनाव सुभासपा पूरी दमदारी से लड़ेगी। इसके लिए उन्होंने पार्टी पदाधिकारी तथा कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। वह बुधवार को रसड़ा स्थित मीरनगंज के राष्ट्रीय कार्यालय पर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
राजभर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे दमखम से भाग लिया। परिणाम जो भी आया इसके लिए मायूस होने की आवश्यकता नहीं है। कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा लगाकर संगठन को और मजबूत व सशक्त बनाने में जुट जाएं।
मैं समाज के लोगों को हिस्सेदारी दिलाने के लिए ही सत्ता में आया हूं। हर जाति के नेता ओमप्रकाश को दबाना चाहते हैं, लेकिन मैं शेर हूं जो चाहूंगा, वहीं करूंगा। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए निर्देश दिए गए हैं। उनके विभाग में भी खाली पदों के लिए भर्ती शीघ्र शुरू कर दी जाएगी।
अरविंद राजभर ने कहा कि जनता ने उन्हें भरपूर आशीर्वाद दिया है। मैं जनता की सेवा के लिए सदा तत्पर रहूंगा। इस मौके पर अच्छे लाल राजभर, रुद्र प्रताप सिंह, जावेद अहमद, पातीराम राजभर, फागु सिंह, जितेंद्र सिंह तथा दिनेश राजभर आदि थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।