Shardiya Navratri 2025: जिले में 1600 पंडालों में विराजमान होंगी मां दुर्गा, उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
बहराइच में नवरात्र पर्व की धूम है जहां लगभग 1600 स्थानों पर माता रानी के दरबार सज गए हैं। मंदिरों और घरों में तैयारियाँ पूरी हैं और देवी मंदिरों में सजावट का कार्य चल रहा है। बाजारों में रौनक है जहां मां की लाल चुनरी और नारियल की दुकानें सजी हैं हालांकि फलों के दामों में उछाल आया है। कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 530 बजे से है।

जागरण संवाददाता, बहराइच। मां दुर्गा की आराधना को समर्पित नवरात्र पर्व सोमवार से शुरू हो जाएगा। जिले में करीब 1600 जगहों पर मातारानी के दरबार सज गए हैं। मां की भव्य मूर्तियां सजाई गई हैं। घरों व मंदिरों में भी नवरात्र की तैयारियां पूरी हो गईं हैं। नौ दिन तक माता रानी के दरबारों में भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण के आयोजन किए जाएंगे।
शहर में संहारिणी मंदिर, मरीमाता मंदिर और दुर्गा मंदिर सहित सभी देवी मंदिरों में रविवार को सफाई और सजावट का कार्य चलता रहा। मंदिरों में भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। इसके अलावा पानी टंकी चौराहा, लोहिया चौराहा, काजीपुरा, चांदपुरा, धनकुट्टीपुरा, काजीकटरा सहित कई मोहल्लों में मातारानी के भव्य दरबार सजाए गए हैं।
रात्रि जागरण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। स्थापना स्थलों की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की जा रही है। पं. राधाकृष्ण पाठक ने बताया कि सुबह 5.30 बजे से कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त है। दिनभर श्रद्धालु अपने समय के हिसाब से स्थापना कर सकते हैं।
बाजार में दिख रही रौनक
शारदीय नवरात्र को लेकर बाजारों में काफी रौनक है। चारों तरफ मां की लाल चुनरी व नारियल की दुकानें सजी हुई है। जगह-जगह लोगों ने कलश व दीया की दुकानें भी अस्थाई रूप से लगाई है।
मां की प्रतिमा की खरीदारी भी भक्तगण करते नजर आए। वहीं फलों के दामों में उछाल आया है। पेंट हुआ कलश 100 से 150 तक व सादा कलश 30 से 80 रुपये तक मिल रहा है।
नाम दाम (किलो में )
- सेब 100- 120 रुपये
- केला 40- 50 (एक दर्जन)
- नारियल- 50 (एक पीस)
- अनार- 120 से 140 रुपये
- पपीता- 40 से 50 रुपये
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।