'PDA पार्टी नहीं, परिवार डेवलपमेंट एजेंसी है', डिप्टी सीएम केशव प्रसाद का सपा पर हमला
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बहराइच में विपक्ष पर हमला बोलते हुए पीडीए को अपराधियों का संरक्षक बताया। उन्होंने सपा पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। मौर्य ने 2024 के लोकसभा चुनाव में सफलता न मिलने का कारण दुष्प्रचार को बताया और बिहार चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा 2017 का इतिहास दोहराएगी।

जागरण संवाददाता, बहराइच। सदर विधायक व पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल की सास के निधन की सूचना पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को उनके आवास पहुंचे। उन्होंने चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने पीडीए पर तीखा प्रहार किया। कहा कि यह परिवार डेवलपमेंट एजेंसी है। डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। कहा कि 2027 का जो विधानसभा चुनाव आएगा उसमें हम लोग 2017 का इतिहास दोहराएंगे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी की फर्जी पीडीए गुंडों, अपराधियों, माफियाओं व दंगाइयों का संरक्षण करने वाला है। वह इसके नाम पर वोट लेना चाहते हैं। 2012 से 2016 तक जब वह सत्ता में थे तब पिछड़ों, दलितों, अगड़ों की याद नहीं आई।
सिर्फ तुष्टिकरण व गुंडागर्दी की राजनीति कर सत्ता में रहे। 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश में जो अपेक्षित सफलता नहीं मिली, उसका कारण दुष्प्रचार व अफवाह रही। पीडीए के गुब्बारे में जो हवा भरी थी उसे हरियाणा, महाराष्ट्र व दिल्ली विधानसभा के चुनाव में जनता ने निकाल दिया। लोगों ने संदेश दिया कि वह भाजपा के साथ हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता की चाह में अखिलेश यादव और अपराधी माफिया तड़प रहे हैं।
उनकी यह तड़पन निरंतर बरकरार रहेगी। सपा, बसपा व कांग्रेस तीनों मिलकर लड़ें या अलग-अलग लड़े, खिलेगा कमल ही। देश-प्रदेश में डबल इंजन की सरकार 2047 तक रहेगी। सामरिक रूप से हम महाशक्ति बन गए, लेकिन अभी और जो कमियां हैं उसको प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरा करने का काम हो रहा है। हम आर्थिक महाशक्ति हैं और चौथी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं। जल्द ही तीसरी बनने की ओर बढ़ रहे हैं।
कहा कि पूर्व सीएम अखिलेश को धरातल के बारे में कोई जानकारी नहीं है। वह एसी कमरे में बैठकर ट्वीट करते हैं और उसी से 25 करोड़ जनता की राजनीति करने की बात सोचते हैं। गुंडों, अपराधियों, माफियाओं के बल पर बूथ कब्जा करने का दौर चला गया है। फर्जी मतदान भी नहीं होगा।
इस दिशा में चुनाव आयोग ने कार्रवाई शुरू की है। छांगुर बाबा पर उन्होंने कहा कि मैं जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने कमल का बटन दबाया, नहीं तो हजारों छांगुर बाबा पैदा होते। बिहार चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि कि आज 12 जुलाई है।
जब वहां चुनाव होंगे और चुनाव के रिजल्ट आएंगे तो बिहार के इतिहास की सबसे बड़ी विजय हमारी होगी। महाराष्ट्र में हो रहे हिंदी और मराठी के विवाद पर भी उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे हो या राज ठाकरे उनका राजनीतिक अस्तित्व महाराष्ट्र की राजनीति में लगभग समाप्त हो चुका है, इसलिए वह भाषा का उपयोग कर स्वयं को पुनर्जीवित करने की कोशिश कर रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।