गेरुआ और कौड़ियाला नदी में डॉल्फिन की गणना शुरू, सर्वेक्षण में पानी के गुणवत्ता की जांच भी करेगी टीम
कतर्नियाघाट के गेरुआ और कौड़ियाला नदी में प्रोजेक्ट डॉल्फिन के तहत गांगेय डॉल्फिन की गणना शुरू हुई है।

गेरुआ के तट पर मौजूद डॉल्फिन सर्वे टीम। स्वयं
HighLights
गेरुआ-कौड़ियाला नदी में डॉल्फिन गणना और सर्वेक्षण शुरू।
टीम द्वारा पानी की गुणवत्ता और जैव विविधता की जांच।
आधुनिक तकनीकों से डॉल्फिन के आवास का वैज्ञानिक आकलन।
जागरण संवाददाता, बहराइच। डॉल्फिन के संरक्षण के लिए चल रहे प्रोजेक्ट डॉल्फिन के तहत भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई ) देहरादून और उत्तर प्रदेश वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश की प्रमुख नदियों में गांगेय डॉल्फिन की वैज्ञानिक निगरानी की जा रही है। इनकी संख्या जानने के लिए गणना कार्य कतर्नियाघाट के गेरुआ और कौड़ियाला नदी में शुरू की गई है।
नदियों में निवास करने वाली डॉल्फिन की गणना एवं आकलन के द्वितीय चक्र के तहत शारदा नदी का सर्वेक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसी क्रम में गुरुवार को डब्ल्यूआईआई की विशेषज्ञ टीम ने परियोजना वैज्ञानिक डॉ. विनीत सिंह के नेतृत्व में गेरुआ एवं कौड़ियाला नदियों में एक दिवसीय वैज्ञानिक सर्वेक्षण प्रारंभ किया है।
सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य इन नदियों में गांगेय डॉल्फिन की संख्या, विचरण, उनके प्राकृतिक आवास, जल की गुणवत्ता और जैव विविधता का वैज्ञानिक आकलन करना है।
टीम द्वारा सर्वेक्षण में आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है, जिसमें निष्क्रिय ध्वनिक निगरानी उपकरण, लेजर रेंजफाइंडर, दूरबीन, जल गुणवत्ता परीक्षण यंत्र, चार्ट प्लाटर व डेप्थ साउंडर से नदी की गहराई व संरचना का अध्ययन किया जा रहा है।
साथ ही डीएनएन सैंपलिंग और प्लवक जाल से भी जैव विविधता का आकलन किया जाएगा। इससे प्राप्त आंकड़े डॉल्फिन के महत्वपूर्ण आवासों की पहचान और भविष्य की संरक्षण रणनीतियों को तैयार करने में मददगार होंगे। यह संयुक्त प्रयास नदी पारिस्थितिकी तंत्र के दीर्घकालिक संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।