विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहराइच की बलहा विधानसभा सीट पर रोमांचक मुकाबला, जागरण की ग्राउंड रिपोर्ट में पता चली 'नई बात'

Published: Thu, 26 Nov 2026 12:04 PM (IST)

बहराइच की बलहा विधानसभा सीट पर भाजपा का गढ़ कमजोर होता दिख रहा है। जागरण की ग्राउंड रिपोर्ट में वन्यजीवों का आतंक, बाढ़ और किसानों की समस्याओं जैसे जमीनी मुद्दे सामने आए हैं, जो आगामी चुनावों में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए ये तस्वीर जागरण ग्राफिक्स टीम द्वारा बनाई गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए ये तस्वीर जागरण ग्राफिक्स टीम द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. वन्यजीवों का आतंक, बाढ़ और किसानों की समस्याएं प्रमुख मुद्दे।

  2. भाजपा का जीत का अंतर घटा, विपक्ष की उम्मीदें बढ़ीं।

  3. पिछड़े और दलित वोटर आगामी चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

जागरण संवाददाता, बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की बलहा विधानसभा सीट पिछले एक दशक से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ रही है। परिसीमन के बाद 2012 में वजूद में आई इस सीट पर अब तक हुए 5 चुनावों जिसमें उपचुनाव भी शामिल हैं; में से 4 बार कमल खिला है।

मौजूदा समय में यहां से भाजपा की सरोज सोनकर विधायक हैं। लेकिन आगामी चुनावों को लेकर जब ग्राउंड जीरो पर जनता की नब्ज टटोली गई, तो राजनीतिक समीकरणों से इतर कई 'नई बातें' और जमीनी मुद्दे सामने आए हैं, जो सत्ताधारी दल के लिए एक बड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं।

balha result new

जीत के घटते अंतर से विपक्ष की उम्मीदें

बलहा सीट का राजनीतिक इतिहास बताता है कि 2015 के उपचुनाव को छोड़कर यहां अक्सर भाजपा का दबदबा रहा है। 2019 के विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की सरोज सोनकर ने 46 हजार से अधिक वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की थी। लेकिन 2022 के आम विधानसभा चुनाव में यह अंतर सिकुड़कर 16,573 वोटों पर आ गया।

घटता हुआ यह मार्जिन बता रहा है कि जमीन पर विपक्ष अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान बलहा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने फिर बढ़त हासिल की, लेकिन 2027 की डगर आसान नहीं होने वाली है।

ग्राउंड रिपोर्ट: जागरण के जमीनी पड़ताल में पता चली 'नई बात'?

इस बार क्षेत्र में केवल जातीय समीकरणों पर नहीं, बल्कि बुनियादी और रोजमर्रा की दिक्कतों पर मुखर होकर चर्चा हो रही है। यही इस बार के चुनावी माहौल की सबसे 'नई बात' है। बलहा की जनता तीन तरफा मार झेल रही है।

1.वन्यजीवों का खौफ: कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के किनारे बसे गांवों में बाघ, तेंदुए और हाथियों का आतंक एक गंभीर मुद्दा बन चुका है। लोग अपने खेतों में जाने से डरते हैं और फसलों के नुकसान के साथ-साथ जान का खतरा भी बना रहता है।

2. बाढ़ का कहर: विधानसभा का एक बड़ा हिस्सा घाघरा और सरयू नदी के बीच बसा है, जहां बाढ़ और कटान हर साल बड़े पैमाने पर तबाही लाते हैं, जिसका स्थायी समाधान आज तक नहीं हो सका है।

3. किसानों की बेबसी: मिहींपुरवा विकास खंड में बड़े पैमाने पर सब्जी की खेती होती है। लेकिन इलाके में एक भी कोल्ड स्टोरेज या डीप फ्रीजर नहीं है। इस वजह से किसानों को मजबूरन औने-पौने दामों पर अपनी उपज बेचनी पड़ती है।

इसके अलावा क्षेत्र के युवाओं के लिए राजकीय डिग्री कॉलेज और स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदा करने के लिए औद्योगिक इकाइयों की मांग भी अब जोर पकड़ चुकी है।

Balha jati

निर्णायक होंगे पिछड़े और दलित वोटर

सीट के जातीय समीकरण पर गौर करें तो 3.12 लाख से अधिक मतदाताओं वाले इस क्षेत्र में करीब 1 लाख 60 हजार पिछड़े और 65 हजार दलित वोटर हार-जीत का अंतिम फैसला करते हैं। इसके अलावा करीब 70 हजार अल्पसंख्यक मतदाता भी अहम भूमिका में हैं। पिछले चुनावों में सवर्णों के साथ-साथ पिछड़ों और दलितों के एक बड़े धड़े ने एकजुट होकर भाजपा का साथ दिया था।

कुल मिलाकर बलहा का चुनावी मिजाज भले ही भाजपा के पक्ष में झुका हुआ नजर आता हो, लेकिन बाढ़ संकट, जंगली जानवरों के हमले और किसानों की अनदेखी जैसे सुलगते मुद्दे इस बार चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। भाजपा के सामने चुनौती अपने किले को बचाने की है, तो वहीं सपा इन स्थानीय मुद्दों के सहारे इस सीट पर वापसी की राह तलाश रही है।

यह भी पढ़ें- अंबेडकरनगर से बहराइच तक सियासी बिसात: 2027 में सपा के PDA और BJP के लाभार्थी राजनीति की होगी असली परीक्षा


 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।