अंबेडकरनगर से बहराइच तक सियासी बिसात: 2027 में सपा के PDA और BJP के लाभार्थी राजनीति की होगी असली परीक्षा
अंबेडकरनगर और बहराइच में 2027 के विधानसभा चुनावों की सियासी बिसात बिछ चुकी है, जहां सपा का पीडीए फार्मूला और भाजपा की लाभार्थी राजनीति आमने-सामने है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सपा का पीडीए और भाजपा की लाभार्थी राजनीति मुख्य मुकाबला।
बसपा का आधार, ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन भी चुनावी गणित में।
अंबेडकरनगर, बहराइच में मुस्लिम युवाओं में ओवैसी के प्रति रुझान।
दिलीप शर्मा, अंबेडकरनगर/बहराइच। अंबेडकरनगर की गलियों से लेकर बहराइच के गांवों और कस्बों तक चुनावी चर्चा का मिजाज भले अलग हो, लेकिन सियासी सवाल लगभग एक ही है, किसके साथ जाएगा मतदाता? वर्ष 2022 में अंबेडकरनगर की पांचों सीटें जीतने वाली सपा के सामने वर्ष 2027 में यह प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है, जबकि बहराइच में सात में से पांच सीटें जीतने वाली भाजपा अपनी बढ़त कायम रखना चाहती है।
मुख्य मुकाबला सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले और भाजपा की लाभार्थी राजनीति के बीच ही दिखता है, लेकिन बसपा का बचा हुआ आधार और ओवैसी-चंद्रशेखर का गठजोड़ भी चुनावी गणित को रोचक बना रहा है।
अंबेडकरनगर में मुस्लिम मतदाता ओवैसी के प्रभाव पर खुलकर कुछ कहने से बचते हैं, वहीं बहराइच में युवाओं के बीच उनके प्रति सकारात्मक रुझान चर्चा में है। ऐसे में दोनों जिलों की चुनावी जमीन पर पीडीए की गोलबंदी, सरकारी योजनाओं का असर और नए राजनीतिक गठजोड़ों की स्वीकार्यता, फिलहाल सियासी तस्वीर का अहम पहलू हैं।
शोभावती वर्मा को हराकर किया उलटफेर
अवध क्षेत्र का अंबेडकरनगर। वर्ष 2012 में सपा ने जिले की पांचों सीटें जीती थीं, वर्ष 2017 में भाजपा ने आलापुर व टांडा और बसपा ने शेष तीन सीटें जीतीं। पिछले चुनाव में सपा के क्लीन स्वीप में बसपा नेता लालजी वर्मा और रामअचल राजभर के पार्टी में आने की बड़ी भूमिका थी। हालांकि, कटेहरी सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के धर्मराज निषाद ने लालजी वर्मा की पत्नी शोभावती वर्मा को हराकर उलटफेर किया।
अब भाजपा इस जीत को बरकरार रख, अन्य क्षेत्रों में सपा के राजनीतिक आधार में सेंध लगाने में जुटी है। अकबरपुर के पटेल चौक पर बातचीत में यही तस्वीर दिखती है। ठेकेदार प्रमोद वर्मा कहते हैं इस बार जिले में बदलाव होगा। किसान रामसहाय आजाद योजनाओं के लाभ के असर की बात करते हैं। हालांकि, मेंहदी दोहराते हैं कि बदलाव आसान नहीं। टांडा के मोहम्मद सपा की लहर होने का दावा करते हैं। जलालपुर और आलापुर में भी कमोबेश यही तस्वीर उभरती है।
दूसरी तरफ तराई क्षेत्र का बहराइच जिला। यहां पिछले तीन चुनावों से बलहा सीट पर भाजपा तो मटेरा पर सपा जीत रही है। वर्ष 2022 में भाजपा ने बहराइच सदर, बलहा, महसी और पयागपुर में जीत दर्ज की थी और नानपारा सीट भाजपा के सहयोगी अपना दल (एस) के खाते में गई थी।
वहीं, दो बार भाजपा द्वारा जीती हुई कैसरगंज सीट पिछले चुनाव में सपा ने छीन ली थी। लोगों से बातचीत में कुछ मुद्दे जरूर हैं, परंतु कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं दिखती। बलहा के राहुल कश्यप कहते हैं कि योजनाओं के लाभ का असर है, सपा को लंबी दौड़ लगानी होगी। राजेश लोध बहराइच, कैसरगंज और मटेरा में कड़े मुकाबले की बात करते हैं।
ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी का भी असर
पिछले चुनाव में एआइएमआइएम ने मुस्लिम बहुल टांडा और बहराइच सदर सीट पर प्रत्याशी उतारे थे। प्रदर्शन कमजोर था, परंतु इस बार उनकी चर्चा सुनाई देती है। नानपरा में इमलिया गंगापुर के नवमतदाता अफरोज साफ कहते हैं कि इस बार ओवैसी को समर्थन देंगे। उजैर और ताहिर नान्हू दबी जुबान से अपने मुद्दों की बात करने वाले को समर्थन की बात कहते हैं। दूसरी तरफ टांडा में फैसल अली और अशरफ अंसारी, ओवैसी की सक्रियता तो स्वीकारते हैं, परंतु असर की बात नकारते हैं। बहरहाल, मुस्लिम युवाओं के बीच ओवैसी के प्रति आकर्षण दिखता है, वहीं आसपा संग गठजोड़ में इसका असर पहले से अधिक हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।