संवाद सहयोगी, खेकड़ा। बागपत में यमुना का जलस्तर सोमवार शाम को एक बार फिर बढ़ा तो किसानों की चिंता भी बढ़ने लगी। दिन भर में हथिनीकुंड बैराज से यमुना में करीब 2.40 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बढ़े जलस्तर से पानी फसलों में पहुंचने लगा है।
सुबह यमुना के जलस्तर में रविवार के मुकाबले 15 सेमी की बढ़ोतरी हुई यानी सोमवार को यमुना 209.45 मी. पर बहती रही। शाम को जलस्तर बढ़ने से सुभानपुर के आनंदा फार्म में खड़ी फसलें फिर से जलमग्न होने लगीं जिससे किसान फिर चिंतित हो उठे।
किसान सुरेंद्र, नीटू, कल्लू, दीपक, नीरज आदि के अनुसार पिछले दिनों आया पानी हाल में सूखा था। अब फिर से पानी बढ़ने लगा है जिससे फसल पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगी।
उधर, हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से सोमवार अलसुबह चार बजे 26,590, छह बजे 30,846, आठ बजे 30,593, 10 बजे 31,096, 12 बजे 29,300, दो बजे 29,000 तो चार बजे 29,618 तथा छह बजे 33,121 समेत करीब 2,40,164 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। यह पानी मंगलवार शाम तक बागपत में प्रवेश करेगा। वहीं, यमुना का जलस्तर कई दिनों से खतरे के निशान के आसपास ही चल रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।