Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP: एक साथ जली दो चिताएं, चीत्कार ने चीर दिया कलेजा; भतीजे की मौत के बाद सदमे में चाची ने भी तोड़ा दम

    Updated: Mon, 01 Sep 2025 06:21 PM (IST)

    बागपत के डौला गांव में कर्ज से परेशान किसान चंद्रबोस ने आत्महत्या कर ली। किसान की चाची जो अपने भतीजे की मौत से दुखी थी को भी दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने कर्ज माफी की मांग को लेकर धरना दिया। एक ही परिवार में दो मौतों से गांव में शोक का माहौल है। दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

    Hero Image
    किसान की आत्महत्या के गम में चाची की भी मौत।

    जागरण संवाददाता, बागपत। डौला गांव में कर्ज के बोझ में दबे किसान चंद्रबोस ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के घर के बाहर लोग कर्ज माफी व संग्रह कर्मियों पर मुकदमे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    किसान की मौत के गम में उसकी चाची को भी रविवार रात हार्ट अटैक आ गया। दो मौत से स्वजन में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों में भी गम का माहौल है। सोमवार को दोनों का दाह संस्कार कर दिया गया।

    डौला गांव में रविवार सुबह किसान चंद्रबोस का शव पेड़ से लटका हुआ मिला था। किसान ऋण के बोझ में दबा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इसके बाद लोग मृतक किसान के घर के बाहर धरने पर बैठ गए।

    उनकी मांग को सुनने के लिए पुलिस प्रशासन के लोग भी धरना स्थल पर आए थे। मृतक किसान की 78 वर्षीय चाची पुष्पा देवी भी धरने पर बैठे लोगों से भतीजे की मौत के बारे में जानकारी ले रही थीं। पुष्पा अपने भतीजे चंद्रबोस से बहुत स्नेह करती थीं।

    भतीजे की मौत से पुष्पा गम में थीं और उनके आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। वह चंद्रबोस को याद करके रो रही थीं और चंद्रबोस के इस कदम बेहद दुखी थीं। पुष्पा कई बार लोगों के बीच धरने पर पहुंची थीं। रात्रि में मांग पूरी होने पर धरना समाप्त हुआ।

    इसके बाद धरने पर बैठे बहुत से लोग अपने घर लौट गए। पुष्पा भी घर में जाकर आराम करने के लिए चारपाई पर लेट गईं। कुछ देर बाद पुष्पा बेसुध हो गईं। पुष्पा के पति रामबीर ने कई आवाज लगाईं लेकिन नहीं बोली तो उन्होंने बाहर बैठे लोगों को आवाज लगाई।

    स्वजन पुष्पा को लेकर चिकित्सक के पास पहुंचे। जांच के बाद चिकित्सक ने पुष्पा को मृत घोषित कर दिया। पुष्पा की मौत हृदय गति रुकने से हुई। लोगों का कहना है कि भतीजे की मौत के गम में चाची की मौत हुई है। एक ही परिवार में दो मौत से स्वजन पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। दो शवों की अंतिम यात्रा देखकर ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। दोनों का दाह संस्कार कर दिया गया।

    comedy show banner