बागपत: 'चिकन दरबार' में मिले काॅकरोच, खाद्य पदार्थों की स्वच्छता को लेकर उठा सवाल
Baghpat News: बागपत में खाद्य सुरक्षा टीम ने इनाम चिकन दरबार रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया, जहां रसोई में गंदगी और काॅकरोच पाए गए।

बागपत में इनाम चिकन दरबार पर जांच करते खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी। सौ. खाद्य विभाग
HighLights
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन टीम ने किया औचक निरीक्षण।
प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति की ।
जागरण संवाददाता, बागपत। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सफाई को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई में चौंकाने वाली स्थिति सामने आई।
बुधवार को खाद्य सुरक्षा टीम ने तकिया वाली मस्जिद के पास स्थित इनाम चिकन दरबार रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। टीम को रसोई में गंदगी मिली। इतना ही नहीं, खाद्य पदार्थों के आसपास काॅकरोच भी दिखाई दिए। रसोई की स्थिति देखकर अधिकारियों ने खाद्य स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। खाद्य पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति की गई है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन टीम ने बुधवार को खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के लिए अभियान चलाया। टीम को इनाम चिकन दरबार में निरीक्षण के दौरान रसोई में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य पदार्थ रखे होने वाले स्थान के आसपास काॅकरोच दिखाई दिए। रसोई में पर्सनल हाइजीन का अभाव पाया गया।
खाद्य पदार्थों के आसपास काॅकरोच मिलने से वहां तैयार होने वाले खाद्य पदार्थों की स्वच्छता को लेकर भी सवाल खड़े हो गए। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति की। प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी कर निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।
लाल मिर्च पाउडर का नमूना जांच को भेजा
टीम ने प्रतिष्ठान से लाल मिर्च पाउडर का नमूना भी लिया। नमूने को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सांप के डसने का ड्रामा फेल: पति की हत्या करने के बाद चारपाई पर सांप छोड़ने वाली पत्नी और प्रेमी दोषी करार
सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डीपी सिंह ने बताया कि इनाम चिकन दरबार के निरीक्षण में रसोई में गंदगी और काॅकरोच मिले हैं। इस संबंध में कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भुवनेश्वर की टीम इंडिया में वापसी पर पत्नी नूपुर की पुर्तगाली भाषा के एक शब्द की पोस्ट, इसने जीत लिया फैंस का दिल
