कोलकाता में भिक्षु बना मिला दो दोस्तों का हत्यारोपित नरेशनाथ, बागपत में मर्डर कर मंदिर में दबाए थे शव
बागपत में दो दोस्तों अंकित और इसरार की हत्या के मुख्य आरोपित इनामी पुजारी नरेशनाथ को कोलकाता से गिरफ्तार कर ...और पढ़ें

दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपित नरेश नाथ।
HighLights
कोलकाता से लेकर बागपत लौट रही है पुलिस।
अंकित और इसरार की हत्या कर शव मंदिर में दबाए थे।
जागरण संवाददाता, बागपत। दो दोस्त अंकित और इसरार की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित 25 हजार रुपये के इनामी पुजारी नरेशनाथ को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे लेकर बागपत लौट रही है। पुलिस से बचने के लिए आरोपित मंदिर में भिक्षु बनकर रह रहा था। जो नेपाल भाग गया था, लेकिन भीषण बाढ़ आने से वापस कोलकाता लौट आया था।
ग्राम सिंगौली तगा से दिव्यांग 27 वर्षीय अंकित और उसका दोस्त 34 वर्षीय इसरार गत 25 जुलाई को बाइक से खेकड़ा जाने के लिए घर से कहकर गए थे। अंकित की बहन भावना ने 29 जुलाई को चांदीनगर थाने में उनके गायब होने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने 13 जुलाई की तड़के करीब तीन बजे श्री गणेश मंदिर लहचौड़ा के परिसर में गड्ढे की खोदाई कराकर उन दोनों के शव बरामद किए थे।
पुलिस ने दावा किया था कि मंदिर के पुजारी नरेश नाथ निवासी कुंडेश्वरी थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड) ने अपने दो शिष्य उज्ज्वल पांचाल निवासी ग्राम पूरनपुर नवादा व कृष्णा यादव निवासी ग्राम मुलन्ड़ी, थाना (जौनपुर) के साथ मिलकर 25 जुलाई को चाय में नींद की गोलियां खिलाकर और नशीला इंजेक्शन लगाकर अंकित व इसरार की हत्या की है।
इसका पता न चले, इसलिए उन दोनों के शवों को मंदिर परिसर में गड्ढा खोदकर दबाया, फिर इंटरलाकिंग टाइल्स लगाकर ऊपर धुना जला दिया था। पुलिस ने आरोपित उज्ज्वल पांचाल की निशानदेही पर उन दोनों के शव बरामद किए थे। दूसरे शिष्य कृष्णा यादव को उसके घर से गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपित पुजारी नरेशनाथ भाग गया था।
यह भी पढ़ें- IAS के पिता का स्कूटर और ADO की बाइक जब्त, बागपत में परिवहन विभाग का एक्शन; 43 वाहन जब्त कर स्क्रैप सेंटर भेजे
एसपी सूरज कुमार राय ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पिछले कुछ समय से उसकी लोकेशन पुलिस को पश्चिमी बंगाल मे मिल रही थी, जहां पर पुलिस ने डेरा डाल दिया था। आखिरकार पुलिस को कामयाबी मिल गई।
यह भी पढ़ें- बागपत में रेबीज से भैंस की मौत... दिल्ली तक थी इसके दूध की सप्लाई, डॉक्टर बोले- दूध पीने वाले लगवाएं ARV
एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि इनामी पुजारी नरेशनाथ को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित मंदिर में भिक्षु बनकर रह रहा था। आरोपित नेपाल भाग गया था, लेकिन बाढ़ आने पर वापस लौट आया था। आरोपित को बागपत लाने के बाद घटना के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
