प्रधान धर्मेंद्र तोमर हत्याकांड: हत्यारोपित ने दारोगा से पिस्टल छीनकर झोंका फायर, बाल-बाल बची बागपत पुलिस
बागपत पुलिस ने प्रधान धर्मेंद्र तोमर हत्याकांड के मुख्य आरोपी अर्जुन तोमर और नवनीत को हरिद्वार से गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान नवनीत के पैर में गोली लगी। पूछताछ में पता चला कि प्रधानी चुनाव को लेकर बहस के बाद आयुष तोमर ने धर्मेंद्र तोमर को गोली मारी थी। अर्जुन पर हत्या समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
संवाद सूत्र, जागरण बिनौली/बागपत। सिरसली के प्रधान धर्मेंद्र तोमर की हत्या के मुख्य आरोपित हिस्ट्रीशीटर आयुष तोमर के भाई अर्जुन तोमर व नवनीत को बागपत पुलिस ने हरिद्वार से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस नवनीत को सिरसली लेकर पहुंची। सिरसली के जंगल से घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कराकर लौटते समय नवनीत ने दारोगा से सर्विस पिस्टल छीनकर फायर झोंका और भाग गया। पुलिसकर्मी गोली लगने से बाल-बाल बचे। पुलिस ने मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद नवनीत को गिरफ्तार कर लिया।
सिरसली में सेवानिवृत्त दारोगा तेजवीर सिंह के घर के चबूतरे पर गत 14 मई की शाम ताश खेलते समय प्रधान धर्मेंद्र तोमर की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। तेजवीर सिंह का बेटा विनीत तोमर भी हाथ में गोली लगने से घायल हुआ था। प्रधान के छोटे भाई गजेंद्र तोमर ने बिनौली थाने में हिस्ट्रीशीटर आयुष तोमर, उसके भाई हिस्ट्रीशीटर अर्जुन तोमर, दादा निर्भय सिंह व एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की विवेचना में नवनीत निवासी ग्राम बेगमपुर हर्रे थाना नगीना (बिजनौर) का नाम प्रकाश में आया था।
चारों आरोपितों पर घाेषित किया था इनाम
एसपी सूरज कुमार राय ने चारों आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुख्य आरोपित आयुष तोमर ने हरिद्वार की अदालत में 27 मई को आत्मसमर्पण किया था। इससे पहले उसके दादा निर्भय सिंह व दो अन्य व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हिस्ट्रीशीटर अर्जुन तोमर व नवनीत के घरों पर पांच जून को पुलिस ने कुर्की नोटिस चस्पा किया था।
पिस्टल छीनकर जंगल में भागने लगा
बिनौली थाना प्रभारी शिवदत्त ने बताया कि इनामी अर्जुन व नवनीत को शनिवार सुबह 4.05 बजे हरिद्वार में सिडकुल थाने के निकट आइटीसी कंपनी से गिरफ्तार किया गया। आरोपित नवनीत ने जानकारी दी कि ग्राम सिरसली-माखर रोड पर रजवाहे के निकट बाग में घटना में प्रयुक्त पिस्टल छिपा रखी है। वहां से पिस्टल बरामद कर थाने लौटते समय रास्ते में नवनीत ने एसआइ दुर्गेश कुमार की सर्विस पिस्टल छीन ली और जंगल में भागने लगा। पुलिसकर्मी गोली लगने से बाल-बाल बचे। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए आत्मरक्षार्थ फायर किया तो आरोपित नवनीत के पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर छीनी गई पिस्टल व आठ कारतूस बरामद कर लिए गए तथा उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
अर्जुन के खिलाफ दर्ज हैं सात मुकदमे
पुलिस के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर अर्जुन तोमर के विरुद्ध हत्या, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के सात मुकदमे दर्ज हैं। उस पर अपने गांव के रहने वाले फायरमैन भूपेंद्र तोमर की हत्या का भी आरोप है।
बहस होने पर मारी थी प्रधान धर्मेंद्र को गोली
थाना प्रभारी शिवदत्त के मुताबिक आरोपित नवनीत ने पूछताछ में बताया कि मुख्य आरोपित हिस्ट्रीशीटर आयुष तोमर उर्फ छोटू ने ताश खेल रहे प्रधान धर्मेंद्र तोमर से पूछा था कि क्या इस बार भी प्रधानी का चुनाव लड़ोगे, प्रधान ने हां बोल दिया था। इसको लेकर आयुष व प्रधान धर्मेंद्र के बीच बहस हो गई थी। गुस्से में आयुष ने गोली चला दी थी। वह आयुष का दोस्त है। उसने भी आयुष के साथ मिलकर गोली चला दी थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।