बदायूं में सब्जी विक्रेता को सोते समय सांप ने काटा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
बदायूं के नाई पिंडरी गांव में 23 वर्षीय शिवम की सांप के काटने से मौत हो गई। वह चंडीगढ़ में सब्जी विक्रेता था। रात में सोते समय सांप ने काटा जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया फिर गांव लाया गया जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसका अंतिम संस्कार कछला गंगा घाट पर हुआ।

जागरण संवाददाता, बदायूं। थाना क्षेत्र के गांव नाई पिंडरी के एक युवक की सांप के डसने से मृत्यु हो गई। गांव निवासी 23 वर्षीय शिवम पुत्र रमेश दिवाकर पंजाब के चंडीगढ़ में रहकर सब्जी बेचने का काम करता था।
उसके स्वजन के मुताबिक वह करीब सात साल पहले चंडीगढ़ गया था। तब से वह वहीं रह रहा था। शुक्रवार रात वह अपने कमरे पर सो रहा था। रात करीब तीन बजे अचानक कहीं से एक सांप आ गया और उसको डस लिया। उसके बाद शिवम की हालत बिगड़ गई।
वहां मौजूद लोग उसे पहले नजदीकी अस्पताल ले गए। रविवार सुबह उसे चंडीगढ़ से गांव लेकर आए। तब उसे स्थानीय अस्पताल में दिखाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं। उसकी मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बाद में उसका कछला गंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।