विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 13, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अनुसूचित जाति के व्यक्ति को पीटकर मार डाला

By JagranEdited By:
Published: Wed, 13 May 2020 12:17 AM (IST)Updated: Wed, 13 May 2020 06:04 AM (IST)

थाना क्षेत्र के गांव बमनपुरा और बुधुआनगला के ग्रामीणों में जमकर मारपीट पथराव और लाठी-डंडे चले। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ...और पढ़ें

अनुसूचित जाति के व्यक्ति को पीटकर मार डाला
अनुसूचित जाति के व्यक्ति को पीटकर मार डाला

संवाद सूत्र, उसावां (बदायूं) : थाना क्षेत्र के गांव बमनपुरा और बुधुआनगला के ग्रामीणों में जमकर मारपीट, पथराव और लाठी-डंडे चले। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की लाठियों से पीटकर हत्या करने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को कहा। उन्होंने मृतक के परिजनों को भी सांत्वना दी। फिलहाल दोनों गांव के लोगों के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।

गांव बुधुआ नगला निवासी कल्याण सिंह रविवार को अपने बेटे दारा सिंह, अधीर, यशपाल के साथ गांव बमनपुरा निवासी अनुसूचित जाति के अनिल के घर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने वाली मशीन मांगने गए थे। किसी बात को लेकर अनिल के परिजनों और कल्याण सिंह में विवाद होने लगा। विवाद में कल्याण और उनके बेटों को पीटकर घायल कर दिया गया। मंगलवार को सुबह के वक्त अनिल ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि कल्याण के परिजनों ने उसको पीटकर घायल कर दिया। तमाम लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइकों से अनिल को लेकर थाने पहुंचे। यहां से वह सभी लोग गांव लौट रहे थे। ट्रैक्टर तो दूसरे गांव के रास्ते से निकाल दिया गया, जबकि बाइक सवार रुखाड़ा की ओर से ही निकले। रुखाड़ा मोड़ के पास ही अनुसूचित जाति के कृष्णपाल व संजय की बाइक को डंडा मारकर गिरा दिया। संजय भाग निकला लेकिन हमलावरों ने कृष्णपाल को भागने का मौका नहीं दिया और उसके साथ मारपीट करते रहे। उसको अधमरा समझकर हमलावर फरार हो गए। पुलिस कृष्णपाल को लेकर जिला अस्पताल जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

वर्जन ::

मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मृतक के परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

- जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी