अद्भुत आस्था: 10 दिन न घर-परिवार, न कोई सुख-सुविधा; गंगा की रेती पर तंबुओं में बसी 'मिनी कुंभ' की अनोखी दुनिया
बदायूं के ककोड़ा मेले में गंगा की रेती पर कल्पवास की अनूठी आध्यात्मिक दुनिया बसी है। श्रद्धालु और साधु-संत दस दिनों तक संयमित जीवनशैली अपनाकर आत्मशुद्धि और ईश्वर आराधना में लीन रहते हैं, जिससे यह स्थान आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बन जाता है।

मेला ककोड़ा में तंबुओं की संख्या बढ़ती जा रही। जागरण
HighLights
दशकों से साधु-संत और श्रद्धालु कर रहे प्रवास, जपतप, सत्संग और धार्मिक अनुष्ठानों से गंगा तट पर गूंज रही सनातन संस्कृति की ध्वनि
अंकित गुप्ता, बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में गंगा की रेती पर इन दिनों आस्था और अध्यात्म की अनूठी दुनिया बसी हुई है। यहां श्रद्धालुओं की भीड़, बाजार और मनोरंजन के साधनों के बीच तंबुओं में साधना कर रहे कल्पवासी और दशकों से मेले में पहुंच रहे साधु संत इसकी धार्मिक पहचान को विशेष बनाते हैं।
गंगा तट पर साधु संतों का प्रवास, सत्संग, जप-तप और धार्मिक अनुष्ठान इस मेले को आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनाते हैं। मां गंगा के प्रति अटूट श्रद्धा रखने वाले श्रद्धालु यहां केवल स्नान और दर्शन के लिए नहीं आते, बल्कि आत्मिक शांति, आत्मचिंतन और विश्व कल्याण की कामना लेकर पहुंचते हैं।
गंगा की रेती पर तंबुओं में रहने वाले कल्पवासियों की दुनिया मेले की चकाचौंध से अलग होती है। ये श्रद्धालु दस दिन तक घर परिवार की सुख-सुविधाओं से दूर रहकर संयमित जीवनशैली अपनाते हैं।
उनके लिए कल्पवास घूमने फिरने का नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और ईश्वर आराधना का अवसर होता है। भोर होने से पहले ही उनकी दिनचर्या शुरू हो जाती है। गंगा स्नान के बाद पूजा-पाठ, जप, ध्यान और धार्मिक चर्चा में समय व्यतीत होता है।
दिन में सत्संग और शाम को गंगा तट पर दीपदान उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। कई तंबुओं में सामूहिक भजन-कीर्तन भी होते हैं। कल्पवास की परंपरा कई परिवारों में पीढ़ियों से चली आ रही है।
सिलहरी निवासी राम सिंह पटेल बताते हैं कि उनका परिवार कई पीढ़ियों से मेला ककोड़ा में आ रहा है। कुर्मियान समाज के लोगों के लिए यह मेला पारिवारिक मिलन और धार्मिक उत्साह का अवसर भी होता है।
कासगंज के नगरिया से आईं सीमा सिंह भी परिवार और रिश्तेदारों के साथ गंगा तट पर समय बिताने को विशेष अनुभव मानती हैं। कार्तिक माह की षष्ठी पर छठ पूजा और गंगा पूजन, अष्टमी पर गोपाष्टमी, अक्षय नवमी, देवोत्थान एकादशी पर भगवान की आराधना और तुलसी विवाह जैसे आयोजन कल्पवास की धार्मिक दिनचर्या को विशेष बनाते हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व है। स्वामी वासुदेवाचार्य बताते हैं कि कार्तिक में गंगा स्नान की विशेष महिमा है। मान्यता है कि पांच दिन कल्पवास कर पूर्णिमा पर स्नान करने से भी महीने भर के कल्पवास के बराबर पुण्य प्राप्त होता है।
हम दशकों से मेला ककोड़ा में आ रहे हैं। मेले के उद्घाटन के बाद मां गंगा की पूजा-अर्चना, ध्यान और साधना में ही पूरा समय व्यतीत होता है। मां गंगा जीवनदायिनी हैं। उनका सानिध्य आत्मिक शांति प्रदान करता है। - डाॅ. राम प्रकाश शास्त्री, बदायूं
तीर्थ और धार्मिक मेले भारतीय सनातन परंपरा को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने के सशक्त माध्यम हैं। मां गंगा के पावन तट पर साधु-संतों का सानिध्य, सत्संग और भजन-कीर्तन मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं। - वासुदेवाचार्य, शाहजहांपुर
कल्पवास भारतीय ऋषि परंपरा की महत्वपूर्ण साधना है। इसमें मनुष्य सांसारिक मोह-माया से दूर रहकर आत्मचिंतन, ईश्वर आराधना और आध्यात्मिक अनुशासन अपनाता है। मां गंगा का सानिध्य जीवन को नई दिशा देता है। - आचार्य त्रिलोक कृष्ण मुरारी, सोहम गीता मंदिर, बदायूं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।