ककोड़ा मेला 2026: गंगा की कटरी में बसा 'मिनी कुंभ', 2 लाख श्रद्धालुओं के डेरों से गुलजार हुआ तंबुओं का शहर
ककोड़ा मेला में दो लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, जिससे गंगा की कटरी में तंबुओं का शहर गुलजार हो गया है। हजारों ट्रैक्टर-ट्रालियों से पहुंचे भक्त गंगा स्नान और मेले का आनंद ले रहे हैं, जबकि मीना बाजार में भी रौनक बढ़ गई है।

ककोड़ा मेला
जागरण संवाददाता, बदायूं। इंतजार खत्म... गंगा की कटरी अब गुलजार हो गई। ककोड़ा मेले में रहकर मौज-मस्ती और गंगा स्नान करने वाले लाखों श्रद्धालु पहुंच गए हैं। यह क्रम गुरुवार सुबह से बना हुआ है और शुक्रवार रात तक बना रहा। अब मेले में डेरे ही डेरे दिखना शुरू हो गए हैं और मीना बाजार में भी भीड़भाड़ बढ़ गई है। जहां देखो वहां दुकानों पर भीड़ ही भीड़ दिखाई दे रही है।
एक दिन पहले मेले में जहां खाली-खाली मैदान और सूना-सूना दे रहा था। अब वहां तंबू ही तंबू डेरे ही डेरे दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर शाम तक मेले में श्रद्धालुओं के हजारों ट्रैक्टर ट्राली पहुंच गए।
उन्होंने जहां पर जगह दिखाई दी, वहीं डेरा लगा लिया। इस समय मेले में कहीं चूल्हा जल रहा है, कहीं खाना बन रहा है, तो कहीं बच्चे गंगा किनारे खेलते नजर आ रहे हैं। अब पूरे मेले में रौनक ही रौनक दिखाई दे रही है।
यह ककोड़ा मेला कासगंज की धरती पर लगा है। इससे बदायूं के अलावा कासगंज, सोरों, पटियाली, गंजडुंडवारा और आसपास के गांव से हजारों श्रद्धालु भी अपने-अपने वाहनों से मेला पहुंचे हैं।
बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद के श्रद्धालु भी यहां पहुंच रहे हैं। अनुमान है कि शनिवार और रविवार से मेले में पैर रखने तक की जगह नहीं मिलेगी। सबसे ज्यादा श्रद्धालु पूर्णिमा को पहुंचेंगे।
गंगा की कटरी में बसा है आस्था का संसार
ककोड़ा मेला जहां गंगा किनारे बसा हुआ है। वह पूरा इलाका गंगा की कटरी बोला जाता है और यह कासगंज जिले की सीमा में आता है। पहले यहां होने वाले आपराधिक मामले कासगंज जिले के गंजडुडवारा थाने में दर्ज हुआ करते थे।
मगर, अब पिछले कई साल से कादरचौक थाने में दर्ज होते आ रहे हैं। अब यहां सिर्फ श्रद्धालुओं के डेरे, अस्थायी दुकानें, चाय-पकौड़ी के ठेले, पूजा सामग्री की दुकानें, खेल, तमाशे, झूले और मीना बाजार में सजी दुकानें ही दिखाई दे रही हैं।
दक्षिण दिशा में बस गया पूरा कुर्मियान मेला
मेले की दक्षिण दिशा में अब पूरा कुर्मियान मेला बस गया है। गंगा घाट तक डेरे ही डेरे दिखाई दे रहे हैं। कोई अपने परिवार के साथ आया है, तो कोई रिश्तेदारों के साथ मेला पहुंचा है। गंगा स्नान, कल्पवास और मेले की रौनक के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु ककोड़ा पहुंच रहे हैं।
अभी भी लग रहीं मीना बाजार में दुकानें
ककोड़ा मेला में अभी मीना बाजार पूरी तरह से नहीं लगा है। शुक्रवार देर शाम तक तमाम दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें लगाते हुए दिखाई दिए। अनुमान है कि शनिवार रात तक पूरा बाजार लगकर तैयार हो जाएगा।
सुनसान पड़ीं गंगा पार की पुलिस चौकिंयां
गंगा के एक ओर ककोड़ा मेला बसा हुआ है और दूसरी ओर सुरक्षा के लिहाज से दो पुलिस चौकिंयां भी बनाई गई हैं। शुक्रवार देर शाम तक इन चौकियों में कोई पुलिसकर्मी तक दिखाई नहीं दिया। बताया जा रहा है कि इन चौकियों में पहुंचने के लिए पुलिसकर्मियों को गंगा पार करनी पड़ेगी। इससे यह चौकियां सुनसान पड़ी हुईं हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।