विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kakora Mela 2026: घर की रसोई भी फेल! देशी घी और सिलबट्टे की चटनी वाली इस खिचड़ी के बिना अधूरा है ककोड़ा मेला

Published: Sat, 21 Nov 2026 03:14 PM (IST)

ककोड़ा मेले में श्रद्धालु देसी घी और हरे धनिये की चटनी के साथ बासमती की स्वादिष्ट खिचड़ी का आनंद लेते हैं। यह भोजन सिर्फ पेट भरने के लिए नहीं, बल्कि मेले की परंपरा और मेल-मिलाप का प्रतीक है।

ककोड़ा मेला में लगे श्रद्धालुओं के तंबु। जागरण

ककोड़ा मेला में लगे श्रद्धालुओं के तंबु। जागरण

HighLights

  1. सुबह स्नान करने के बाद महिलाएं चूल्हे पर चढ़ा देती हैं भगौना, फिर एक साथ बैठकर करते हैं भोजन

उमेश राठौर, बदायूं। ककोड़ा मेला शुरू होते ही गंगा किनारा सिर्फ श्रद्धा से नहीं, बल्कि देशी घी और बासमती की खुशबू से भी महक उठता है। यहां के डेरों में जो खिचड़ी बनती है, उसका स्वाद घर की रसोई में भी नहीं मिलता। वैसे तो मेले में दाल-चावल, साग, सब्जी-रोटी, पूड़ी-कचौड़ी सब कुछ मिल जाता है, लेकिन असली मजा तो गंगा किनारे तंबू में बैठकर बासमती या सरवती की खिचड़ी खाने में आता है। ऊपर से देशी घी की धार और साथ में हरे धनिया की तीखी चटनी मिल जाए तो क्या कहना।

सुबह होते ही गंगा की कटरी में बसे डेरों से चूल्हों का धुआं उठने लगता है। महिलाएं गंगा में स्नान करके लौटती हैं और फिर डेरे पर चूल्हा जलाती हैं। बड़े-बड़े भगौनों में खिचड़ी चढ़ जाती है।

खिचड़ी में पड़ता है सरवती या बासमती चावल, अरहर की दाल, हल्दी, नमक और ऊपर से देशी घी का तड़का। जैसे ही भगोने का ढक्कन खुलता है, पूरी कटरी में खुशबू फैल जाती है।

ककोड़ा की खिचड़ी की असली जान है हरे धनिया की चटनी। धनिया, हरी मिर्च और नमक को सिल पर पीसकर बनाई गई चटनी खिचड़ी के स्वाद को दोगुना कर देती है।

साग और पूड़ी-कचौड़ी की भी धूम

खिचड़ी के अलावा डेरों में सरसों का साग, आलू की सब्जी, पूड़ी-कचौड़ी का भी खूब चलन है। ठंड की शुरुआत में सरसों का साग खाने वाले श्रद्धालुओं की कमी नहीं है। दोपहर में दाल-चावल और रात में सब्जी-रोटी बनती है। अधिकतर डेरों पर तो पूरा परिवार एक साथ बैठकर खाना खाता है।

मेले की दुकानों पर भी स्वाद

जो श्रद्धालु अपना इंतजाम करके नहीं लाए हैं, उनके लिए मेले में तमाम दुकानें भी लगी हैं। यहां भी दाल रोटी से लेकर पूड़ी-सब्जी, चाय-पकौड़ी और जलेबी से लेकर सबकुछ मिल जाता है। यहां खजला भी खूब बिकता है।

भोजन नहीं, परंपरा भी है

ककोड़ा मेले के डेरों का खाना सिर्फ पेट भरने के लिए नहीं है, बल्कि यह एक परंपरा भी है। एक साथ बैठकर खाना, एक-दूसरे के डेरे पर जाकर खिचड़ी चखना, यही सब मेले की असली पहचान है। इससे मेल मिलाप और नजदीकियां बढ़ती हैं।

गंगा की कटरी में बसे इन डेरों में देशी घी की महक, धनिया की चटनी की तीखापन और बासमती की खिचड़ी का स्वाद, श्रद्धालुओं को सालभर याद रहता है। इसीलिए तो लोग कहते हैं, ककोड़ा मेला घूमना हो तो डेरे की खिचड़ी खाए बिना मत लौटना।

यह भी पढ़ें- बदायूं के मिनी कुंभ 'मेला ककोड़ा' में बसने लगा तंबुओं का शहर, पर गंगा के कम जलस्तर ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की चिंता

यह भी पढ़ें- बदायूं के ककोड़ा मेले की अनसुनी कहानी: एक चमत्कारी घास, जिससे ठीक हुआ नवाब का कोढ़ और बन गया भव्य देवी मंदिर!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।