बदायूं के ककोड़ा मेले की अनसुनी कहानी: एक चमत्कारी घास, जिससे ठीक हुआ नवाब का कोढ़ और बन गया भव्य देवी मंदिर!
बदायूं के ककोड़ा मेले की पहचान ककोड़ घास से है, जिसके औषधीय गुणों ने नवाब अब्दुल्ला खान के कोढ़ का ...और पढ़ें

ककोड़ा गांव स्थित ककोड़ा देवी माता का मंदिर। जागरण
HighLights
औषधीय गुणों से भरपूर ककोड़ घास ने दी जिले के ऐतिहासिक ककोड़ा मेले को पहचान
जागरण संवाददाता, बदायूं। ककोड़ा मेले की एक पहचान यहां की ककोड़ घास से भी है। गांव के पुराने लोगों की यह मान्यता है की इस ककोड़ा मेला की नींव ककोड़ नामक घास से पड़ी है। करीब पांच सौ साल पहले जिले के कादरचौक क्षेत्र का भूड़ इलाका कुदरती ककोड़ घास की बहुतायत के कारण जाना जाता था, जिससे ऐतिहासिक ककोड़ा मेले की नींव पड़ी।
बुजुर्गों की मान्यता है कि प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धति में वनस्पतियों के विशेष महत्व के चलते, उस दौर के वैद्यों और जानकारों ने इस ककोड़ घास के रस से शरीर के जिद्दी दाद, खाज और चर्म रोगों का सफल इलाज करना शुरू कर दिया था।
चमत्कारी गुणों वाली इसी औषधीय घास के नाम पर धीरे धीरे इस पावन क्षेत्र की पहचान ककोड़ा मेले के रूप में स्थापित हो गई, जो आज भी अपनी इस अनूठी और प्राचीन विरासत को संजोए हुए है।
संत नन्हे दास बताते हैं कि गांव में चर्म रोग का इलाज इसी ककोड़ घास से होता था। दूर दूर तक इस घास के नाम से प्रसिद्धि थी। उसी समय बगदाद से व्यापार करने आए अबदुल्ला खान को कोढ़ हो गया था।
कई जगह से इलाज कराने के बाद जब उसे कोई फायदा नहीं हुआ तब देवी ने अब्दुल्ला खान को स्वप्न में इस स्थान के बारे में बताया था। उसके बाद उसने ककोड़ा में रुककर औषधीय इलाज कराया था। वह प्रतिदिन गंगा की मुख्यधार में स्नान करके औषधि लगाता था।
उसके बाद उसका कोढ़ ठीक हो गया था। इतिहास की समझ रखने वाले लोग यह भी बताते हैं कि यह ककोड़ा देवी मंदिर पूर्व में ब्रह्म देव स्थल था। रोग से छुटकारा मिलने के बाद नवाब अब्दुल्ला खां ने इसी देवस्थल पर देवी के मंदिर का निर्माण भी कराया था।
चर्म रोग को ठीक करने में कारगर मानी जाती है ककोड़ घास
प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धति में वनस्पतियों का विशेष स्थान रहा है। जिले के कादरचौक क्षेत्र में पाई जाने वाली प्राकृतिक ककोड़ घास अपने चमत्कारी गुणों के कारण दूर-दूर तक प्रसिद्ध थी।
पुराने वैद्यों और जानकारों के मुताबिक, इस घास के रस और लेप से शरीर के जिद्दी दाद, खाज और गंभीर चर्म रोगों का सफल व अचूक इलाज किया जाता था, जिसके कारण इस क्षेत्र की ख्याति चिकित्सा जगत में फैल गई थी।
रूहेलखंड से जुड़ा है ककोड़ा मेला का इतिहास
इतिहासकारों के अनुसार, जब नवाब अब्दुल्ला खान का कोढ़ ठीक हुआ, तो उनके परिचित रूहेला राजाओं ने बरेली और आंवला से आकर यहां जश्न मनाया था।
वह दौर रूहेलाओं के प्रभाव का था और उनकी राजधानी इसी क्षेत्र में थी, जिसकी पुष्टि आज का रोहिलखंड नाम करता है। इस प्रकार ककोड़ा मेले का इतिहास केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की राजनीतिक और सांस्कृतिक विरासत से भी गहराई से जुड़ा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।