बदायूं के मिनी कुंभ 'मेला ककोड़ा' में बसने लगा तंबुओं का शहर, पर गंगा के कम जलस्तर ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की चिंता
बदायूं के मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है और तंबुओं का शहर बसने लगा है। हालांकि, गंगा में कम जलस्तर और बुनियादी सुविधाओं की कमी से स्नान व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

ककोड़ा मेले में बसने लगा तंबुओं का शहर। जागरण
HighLights
पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र में बसने लगीं कल्पवासियों की बस्तियां, खिचड़ी भोज के साथ शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान
जागरण संवाददाता, बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में आस्था का सैलाब उमड़ने लगा है। गंगा तट पर दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया है। इसके साथ ही गंगा किनारे तंबुओं का शहर आकार लेने लगा है। पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में कल्पवासियों की बस्तियां बसने लगी हैं।
कहीं तंबू लगाने का काम चल रहा है तो कहीं खिचड़ी भोज के साथ कल्पवास और धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो चुकी है। गुरुवार को मेले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ ही धार्मिक गतिविधियां भी तेज दिखाई दीं। शुक्रवार से मेले में रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।
ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा तट पर हर-हर गंगे और निर्मल गंगे के जयघोष गूंजने लगे। श्रद्धालु गंगा की धारा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद पूजा-अर्चना और दीपदान करते नजर आए। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने गंगा पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

कल्पवास करने के लिए पहुंचे श्रद्धालु अपने तंबुओं को व्यवस्थित करने में जुटे रहे। मेले के दोनों हिस्सों में धीरे-धीरे दुकानें भी सजने लगी हैं। खाने-पीने के सामान से लेकर दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकानें लगाई जा रही हैं।
इससे मेले का स्वरूप अब आकार लेने लगा है। हालांकि, श्रद्धालुओं के उत्साह के बीच गंगा में कम जलस्तर परेशानी का कारण बना हुआ है। कई स्थानों पर पानी कम होने के कारण श्रद्धालुओं को स्नान करने में दिक्कत हो रही है।
उनका कहना है कि पर्याप्त जल न होने से गंगा में ठीक से डुबकी लगाना भी मुश्किल हो रहा है। दूरदराज से परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने मेला प्रशासन से गंगा में जल की उपलब्धता बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

उनका कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा के महास्नान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में अभी से जल की पर्याप्त व्यवस्था कराई जानी चाहिए। मेले का विधिवत उद्घाटन 23 नवंबर को होगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान पर्व है।
इसे देखते हुए मेला क्षेत्र में तैयारियां तेज की जा रही हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ ही तंबुओं की बस्ती और बाजारों में रौनक भी बढ़ेगी।
पहुंचने लगे श्रद्धालु, ककोड़ा मेले में बसने लगा कुर्मियान का अस्थायी शहर
सिलहरी। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं की आमद शुरू हो गई है। मेले में कुर्मियान समुदाय के श्रद्धालुओं का अस्थायी शहर एक दिन पहले ही बसने लगा है।
मेले में पहुंचने की निर्धारित तिथि 20 नवंबर है, लेकिन क्षेत्र के करीब 24 गांवों के लगभग 50 प्रतिशत श्रद्धालु गुरुवार को ही खेती-किसानी का काम निपटाकर मेला परिसर में पहुंच गए।

श्रद्धालुओं के पहुंचने से मेले में रौनक बढ़ने लगी है। क्षेत्र के गांव बाबट, मोगर, नगला शर्की, सिलहरी, बरातेगदार, गुरुपुरी विनायक, जिरौलिया कुर्मियान, चंदऊ, नगर पंचायत गुलड़िया, लखनपुर और आमगांव समेत करीब 24 गांवों के श्रद्धालु मेले में पहुंचकर अपने तंबू लगाने और रहने की व्यवस्था करने में जुट गए हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि इस बार कुर्मियान मेले में काफी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। वहीं, मेले में पहुंच चुके श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी भी जताई। उनका कहना है कि मेला परिसर में पेयजल, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं है।

आठ दिन तक मेले में रहने के लिए श्रद्धालु अपने साथ पानी की व्यवस्था के लिए नल लेकर आते हैं, लेकिन उन्हें लगाने के लिए 400 से 500 रुपये तक मांगे जा रहे हैं। श्रद्धालुओं ने मेला प्रशासन से पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।