बैलगाड़ियों के काफिले के साथ थार और फॉर्च्यूनर का रेला, 500 साल पुराने ककोड़ा मेले में दिखी दो पीढ़ियों की अनोखी जुगलबंदी
बदायूं के 500 साल पुराने ककोड़ा मेले में आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है, जहाँ बैलगाड़ियों के साथ थार और फॉर्च्यूनर जैसी आधुनिक गाड़ियाँ भी पहुँच रही हैं।

ककोड़ा मेले में बैलगाड़ी में सामान लादकर जाते लोग और थार से पहुंचे युवा
HighLights
किसी के लिए बैलगाड़ी पर परिवार के साथ डेरा डालना परंपरा, तो किसी के लिए लग्जरी गाड़ियों से पहुंचना नई पीढ़ी का है नया अनुभव
अंकित गुप्ता, बदायूं। ककोड़ा मेले की ओर बढ़ते रास्तों पर इन दिनों एक साथ दो दौर चलते दिखाई दे रहे हैं। कहीं बैलों के गले में बंधी घंटियों की आवाज के साथ बैलगाड़ी आगे बढ़ रही है तो कहीं थार, फार्च्यूनर और दूसरी चमचमाती लग्जरी गाड़ियों का काफिला मेले की ओर बढ़ रहा है। पहियों का फर्क साफ है, लेकिन मंजिल एक है। पांच सौ साल पुराना ककोड़ा मेला और गंगा किनारे आस्था का वही आकर्षण।
बैलगाड़ियों पर परिवार के साथ पहुंचे बुजुर्गों के लिए यह सफर महज आवागमन का साधन नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा है। बैलगाड़ी में सामान लादकर आना, गंगा किनारे डेरा जमाना, वहीं चूल्हा जलाना और कई दिन तक परिवार के साथ रहना उनके लिए मेले की असली खुशी है।
कुछ के घरों में आधुनिक वाहन भी हैं, लेकिन ककोड़ा की यात्रा बैलगाड़ी के बिना अधूरी लगती है। यह उनके लिए पुरानी यादों को दोबारा जीने जैसा है। दूसरी ओर थार और फार्च्यूनर जैसी महंगी गाड़ियों से पहुंच रहे परिवार मेले की बदलती तस्वीर दिखा रहे हैं।
शहरों के फ्लैट और कालोनियों में सीमित होती जिंदगी से निकलकर गंगा किनारे खुले आसमान के नीचे डेरा डालना उनके लिए अलग अनुभव है। यहां न किसी को गाड़ी की कीमत से मतलब है और न किसी के रहन-सहन से।
परिवार के साथ समय बिताना, रिश्तेदारों से मिलना, गंगा स्नान करना और मेले की रौनक में शामिल होना सबकी प्राथमिकता है। नई पीढ़ी के लिए बैलगाड़ियों की कतार किसी पुराने समय की तस्वीर जैसी है तो बुजुर्गों के लिए महंगी गाड़ियों का काफिला बदलते जमाने की निशानी।
लेकिन मेले में पहुंचने के बाद दोनों के अनुभव एक जगह आकर मिल जाते हैं। यहां गाड़ी चाहे बैलों से खिंचकर आई हो या इंजन के दम पर, गंगा किनारे डेरा डालने का सुकून और परिवार के साथ बिताए पलों की खुशी एक जैसी है।
ककोड़ा मेले की यही खासियत है। आधुनिकता ने यहां पहुंचने के साधन बदल दिए, लेकिन सामूहिक जीवन, संस्कृति, संस्कार और आस्था का मेल आज भी बरकरार है।
मेला पहुंचे युवाओं का अनुभव
शहर में ऐसे खुले माहौल का अनुभव कम मिलता है। यहां बैलगाड़ियों से लेकर महंगी गाड़ियों तक सब एक साथ नजर आते हैं। यह मेले की सबसे खूबसूरत बात है। - शिवम
हमने गांव की इस परंपरा को सिर्फ सुना था। यहां एक साथ इतनी बैलगाड़ियां देखकर लगता है कि आधुनिकता के बीच भी हमारी संस्कृति जीवित है। - अभिषेक
यह भी पढ़ें- बदायूं के मिनी कुंभ 'मेला ककोड़ा' में बसने लगा तंबुओं का शहर, पर गंगा के कम जलस्तर ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की चिंता
यह भी पढ़ें- बदायूं के ककोड़ा मेले की अनसुनी कहानी: एक चमत्कारी घास, जिससे ठीक हुआ नवाब का कोढ़ और बन गया भव्य देवी मंदिर!
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।