जब बदायूं के ककोड़ा मेले की भीड़ देख दंग रह गए थे अंग्रेज अधिकारी, घोड़े पर चढ़कर खुद SP-DM करते थे गश्त
ब्रिटिश काल में बदायूं के ऐतिहासिक ककोड़ा मेले की व्यवस्था अंग्रेज अधिकारियों के लिए एक चुनौती थी। घुड़सवार पुलिस और अस्थायी चिकित्सा शिविरों के साथ, यह मेला धार्मिक स्नान और क्षेत्रीय व्यापार का एक बड़ा केंद्र था।

ककोड़ा मेला में गंगा घाट से मीना बाजार की ओर जाती सड़क। जागरण
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर धार्मिक स्नान के साथ क्षेत्रीय व्यापार का बड़ा केंद्र भी बनता था मेला
आशीष देव मिश्रा, बदायूं। गंगा के रेतीले खादर में लगने वाले जिले के ऐतिहासिक ककोड़ा मेला की गूंज अंग्रेजी हुकूमत के दस्तावेजों में भी दर्ज है। उन्नीसवीं और बीसवीं सदी की शुरुआत में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखकर ब्रिटिश प्रशासन हैरान रह जाता था। उस दौर में मेले के भीतर शांति व्यवस्था बनाए रखने को अंग्रेज अधिकारी घुड़सवार पुलिस बल तैनात करते थे।
साथ ही हैजा जैसी महामारियों को रोकने के लिए अस्थायी चिकित्सा शिविर भी लगाते थे। जिससे यह मेला प्रशासन के लिए भी एक बड़ी चुनौती और आकर्षण का केंद्र बना रहता था।
वर्ष 1907 के बदायूं गजेटियर में संपादक एच.आर.नेविल ने ककोड़ा मेले का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है कि श्रद्धालुओं का मुख्य उद्देश्य शुभ मुहूर्त में गंगा के पवित्र जल में स्नान करना होता था।
समकालीन विवरणों के अनुसार गंगा के दोनों किनारों पर मेला सजता था। एटा की तरफ कादरगंज और बदायूं की तरफ ककोड़ा में एक साथ मेला लगता था, लेकिन व्यापारियों की बड़ी भीड़ ककोड़ा में जुटती थी।
धीरे धीरे यह धार्मिक स्नान पर्व क्षेत्रीय व्यापार और हाट का रूप भी लेने लगा। गजेटियर में गंगा खादर के बदलते प्रवाह, बाढ़ और रेत के जमाव का भी जिक्र मिलता है।
नदी का यह बदलता भूगोल मेले के स्थान और स्वरूप को सीधे प्रभावित करता था। उस दौर में रेतीले खादर और कच्ची सड़कों के कारण सामान्य वाहनों का चलना नामुमकिन था।
ऐसे में चोरी डकैती रोकने और भीड़ नियंत्रित करने के लिए घुड़सवार पुलिस तैनात रहती थी। ककोड़ा मेले की निगरानी के लिए ब्रिटिश जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक खुद घोड़ों पर सवार होकर गश्त करते थे।
रेत के बीच घोड़े की टापों से अफसरों की निगरानी उस दौर की खास तस्वीर पेश करती थी। समय के साथ व्यवस्थाएं बदलीं, मगर आस्था और व्यापार का यह संगम आज भी ककोड़ा मेले की पहचान बनाए हुए है।
ककोड़ा मेला में लगता था व्यापारियों का जमावड़ा
पुराने लेख और पुराने लोग बताते हैं कि ककोड़ा मेले में श्रद्धालु शुभ मुहूर्त में गंगा स्नान के लिए पहुंचते थे। गंगा के पार एटा के कादरगंज और बदायूं के ककोड़ा में एक साथ मेला लगता था, पर व्यापारियों का बड़ा जमावड़ा ककोड़ा में ही होता था। इससे यह स्नान पर्व क्षेत्रीय हाट का रूप भी लेता था।
मेले पर नजर रखने को तैनात होती थी घुड़सवार पुलिस
अंग्रेजी शासनकाल में गंगा के रेतीले खादर में सामान्य वाहन नहीं चल पाते थे। ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखने, चोरी डकैती रोकने और भीड़ संभालने के लिए घुड़सवार पुलिस तैनात की जाती थी।
ब्रिटिश जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक खुद घोड़ों पर सवार होकर गश्त करते थे। उस दौर में हैजा जैसी महामारियों से बचाव के लिए अस्थायी चिकित्सा शिविर भी लगाए जाते थे।
यह भी पढ़ें- Kakora Mela 2026: घर की रसोई भी फेल! देशी घी और सिलबट्टे की चटनी वाली इस खिचड़ी के बिना अधूरा है ककोड़ा मेला