ककोड़ा मेला में तैनात होंगे 500 पुलिसकर्मी, छह जोन और 12 सेक्टर में बंटेगा मिनी कुंभ; वाच टॉवर से होगी निगरानी
ककोड़ा मेले में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के लिए व्यापक सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की योजना ...और पढ़ें

छह जोन और 12 सेक्टर में बंटेगा ककोड़ा मेला।
HighLights
मेला क्षेत्र छह जोन और 12 सेक्टर में बंटा।
500 पुलिसकर्मी और 200 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी।
10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की संभावित भीड़।
जागरण संवाददाता, बदायूं। रुहेलखंड के मिनी कुंभ कहे जाने वाले मेला ककोड़ा में इस बार श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन का व्यापक खाका तैयार किया गया है। मेला क्षेत्र को छह जोन और 12 सेक्टर में बांटकर पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था लागू की जा रही है।
पार्किंग के लिए अलग जोन बनाया गया है, जबकि छह अलग अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। स्नान घाट के लिए एक जोन निर्धारित किया है। इसके अलावा मेले के अलग-अलग हिस्सों में चार जोन बनाए गए हैं।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अश्वनी कुमार को मेला प्रभारी निरीक्षक के रूप में सौंपी गई। करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सीओ ट्रैफिक सुनील कुमार सिंह यातायात व्यवस्था की निगरानी करेंगे, जबकि सीओ उझानी राहुल पांडेय मेला सीओ की जिम्मेदारी संभालेंगे।
मेला में इस बार 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर विशेष ध्यान दिया है। मंडल से पुलिस बल मांगा गया है। घुड़सवार पुलिस दल, यातायात पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें भी व्यवस्था में शामिल होंगी। 17 नवंबर से दूसरे जिलों से पुलिसकर्मियों की आमद शुरू हो जाएगी।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए करीब 200 सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। स्नान घाट के आसपास 10 वाच टावर बनाए जा रहे हैं, जबकि पूरे मेला क्षेत्र में पांच अतिरिक्त वाच टावर होंगे। यहां से पुलिसकर्मी भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
किसी स्थान पर अचानक भीड़ बढ़ने या अव्यवस्था की स्थिति बनने पर तत्काल पुलिस बल भेजने की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही आपातकालीन रास्तों को सुचारु रखने और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
पिछले वर्षों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी सामने आती रही है। इस बार नेटवर्क कंपनियों से संपर्क कर मेला क्षेत्र में अतिरिक्त मोबाइल टावर लगवाए जा रहे हैं, ताकि पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान प्रभावित न हो। वायरलेस और कंट्रोल रूम के माध्यम से भी व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, निजी वाहनों और पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखना पुलिस के लिए बड़ी परीक्षा होगी। छह पार्किंग स्थलों के जरिए वाहनों का दबाव कम करने की योजना है। अब देखना होगा कि 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के बीच सुरक्षा, यातायात और स्नान व्यवस्था को पुलिस प्रशासन कितनी प्रभावी तरीके से संभाल पाता है।
पिछले वर्षों में पांच लाख तक पहुंची भीड़
ककोड़ा मेले में हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। पिछले पांच वर्षों के समाचारों पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया था। वर्ष 2022 में करीब चार लाख लोगों के स्नान करने का अनुमान लगाया गया था। वर्ष 2023 में मुख्य स्नान पर पांच लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे। वर्ष 2024 में करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान था।
वहीं वर्ष 2025 में मुख्य स्नान पर आठ से दस लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई थी। हालांकि इन वर्षों में पूरे मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं का कोई एकीकृत आधिकारिक आंकड़ा सार्वजनिक नहीं है। इस बार भीड़ 10 लाख से अधिक होने की संभावना के चलते पुलिस के सामने बड़ी चुनौती रहेगी।
घाटों से लेकर बाजार और झूलों तक पुलिस रखेगी नजर
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में मेले में भगदड़ की कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई है। इस बार भी ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए घाटों से लेकर बाजार और झूलों तक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
गंगा में फिलहाल पानी की मात्रा अधिक नहीं है, इसलिए गहराई को लेकर विशेष आशंका नहीं जताई गई है। फिर भी सुरक्षा के लिहाज से फ्लड पीएसी और गोताखोरों का इंतजाम किया गया है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में भी बचाव के इंतजाम रहेंगे। स्नान घाटों के आसपास महिला पुलिसकर्मियों सहित 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।