विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kakora Mela 2026: 40 रुपये में 12 पूली पुआल और उतने ही का चूल्हा! ककोड़ा मेले में रेत पर रात गुजारना हुआ महंगा

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:19 PM (IST)

ककोड़ा मेले में गंगा किनारे रेत पर रात गुजारना महंगा हो गया है, जहाँ पुआल और चूल्हे के दाम आसमान छू रहे हैं। बाढ़ और कंबाइन से कटाई के कारण पुआल की कमी से श्रद्धालुओं को बिस्तर और खाना बनाने में अधिक खर्च करना पड़ रहा है।

ककोड़ा मेला में बिक्री के लिए लाया गया पुआल। जागरण

ककोड़ा मेला में बिक्री के लिए लाया गया पुआल। जागरण

जागरण संवाददाता, बदायूं। गंगा किनारे रेत पर रात गुजारनी हो तो पहले बिस्तर के लिए पुआल चाहिए और इस बार ककोड़ा मेले में यही पुआल सोने की तरह बिक रहा है। सिर्फ 12 पूली पुआल के 40 रुपये देने पड़ रहे हैं। मिट्टी का एक छोटा सा चूल्हा भी 40 रुपये में मिल रहा है। श्रद्धालु कहते हैं कि मेला है, तो दाम तो बढ़ेंगे ही लेकिन इस बार तो पुआल ने ही जेब ढीली कर दी।

इस बार गंगा किनारे के इलाकों में बाढ़ आई तो चारे का संकट भी खड़ा हो गया। खेतों में खड़ा धान पानी में डूब गया, बहुत सा चारा बह गया। जो थोड़ा-बहुत धान बचा, उसका पुआल अब सोने के भाव बिक रहा है।

किसान भी मजबूर हैं, उनके पास बेचने को पुआल ही कम बचा है। दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में कंबाइन से धान की कटाई ने रही-बची कसर पूरी कर दी। कंबाइन से धान कटता है तो पुआल खेत में ही बिखर जाता है।

उसे समेटना, बांधना और पूली बनाना बहुत मेहनत का काम है। इसलिए बाजार में पुआल की आवक ही कम हो गई है। मांग मेले में बढ़ गई और माल कम हो गया, तो दाम सातवें आसमान पर पहुंच गए।

रेत पर ठंड से बचने का एक ही सहारा-पुआल

ककोड़ा मेले में दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालु किसी धर्मशाला में नहीं बल्कि गंगा किनारे रेत पर ही रात गुजारते हैं। दिन में थोड़ी गर्मी हो जाती है लेकिन रात के समय इसी रेत से ठंड निकलती है। इससे पहले जमीन पर पुआल बिछाए बिना सोना मुश्किल है।

इसलिए आसपास के श्रद्धालु तो अपना पुआल ले आते हैं लेकिन दूर दराज से आने वाले श्रद्धालु पहले पुआल खोजते हैं और 40 रुपये की 12 पूली लेकर रेत पर बिछाते हैं, ऊपर गद्दा चादर बिछाते हैं, तब कहीं जाकर बिस्तर गर्म होता है।

चूल्हा भी 40 का, दोगुणे दामों में बिकती हैं सब्जियां

यहां सिर्फ पुआल ही नहीं, खाना भी बनाना महंगा होता है। मेले में ज्यादातर श्रद्धालु अपना खाना खुद बनाते हैं। चाय से लेकर खिचड़ी तक के लिए मिट्टी का चूल्हा चाहिए। वह चूल्हा भी 40 रुपये में बिक रहा है।

जो चूल्हा गांव में मुफ्त में बन जाता है, लेकिन यहां पर उसके दाम देने पड़ते हैं। मेले में मिलने वाली सब्जियां भी दोगुणे भाव में मिलती हैं। वैसे ज्यादातर श्रद्धालु शहर से अपना सबकुछ खरीदकर लाते हैं।

यह भी पढ़ें- बदायूं के मिनी कुंभ 'मेला ककोड़ा' में बसने लगा तंबुओं का शहर, पर गंगा के कम जलस्तर ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की चिंता

यह भी पढ़ें- बदायूं के ककोड़ा मेले की अनसुनी कहानी: एक चमत्कारी घास, जिससे ठीक हुआ नवाब का कोढ़ और बन गया भव्य देवी मंदिर!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।