विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ककोड़ा मेला का 20 साल में बदल गया स्वरूप, बैलगाड़ी से लेकर चूल्हे तक चेंज हो गईं कई सुविधाएं

Published: Sun, 15 Nov 2026 06:56 PM (IST)Updated: Sun, 15 Nov 2026 07:06 PM (IST)

मिनीकुंभ ककोड़ा मेला पिछले 20 सालों में पूरी तरह बदल गया है, अब यह लक्जरी और सुविधाजनक हो गया है। श्रद्धालु अब आधुनिक सुविधाओं के साथ यात्रा करते हैं।

ककोड़ा मेले में 20 साल में बदल गया ककोड़ा मेला का स्वरूप।

ककोड़ा मेले में 20 साल में बदल गया ककोड़ा मेला का स्वरूप।

HighLights

  1. यात्रा अब बैलगाड़ी से ट्रैक्टर-ट्राली और कार से।

  2. खाने-पीने और रहने की सुविधाओं में बड़ा बदलाव आया।

  3. मेले में 20 बेड का अस्थाई अस्पताल भी खुलेगा।

जागरण संवाददाता, बदायूं। मिनीकुंभ ककोड़ा मेला अब केवल मेला नहीं रहा। पिछले 20 साल में इस मेले का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। अब यह मेला लक्जरी हो गया है। यहां पहुंचने से लेकर रहने, खाने-पीने तक की सुविधाओं में बड़ा बदलाव आया है। जो श्रद्धालु पहले पैदल और बैलगाड़ी से मेला पहुंचते थे, अब वह ट्रैक्टर-ट्राली और कार से पहुंच रहे हैं।

पहले कई-कई दिन लग जाते थे। सारा इंतजाम करना पड़ता था। अब मेले में ही हर चीज मौजूद है। यहां न पानी की चिंता है और न खाने की परेशानी है। अब मेले में हर चीज मौजूद है।

ककोड़ा मेला अब बदायूं की पहचान है। गंगा किनारे लगने वाले इस मेले में लाखों श्रद्धालु आते हैं। पहले यह मेला श्रद्धा और कठिन तपस्या का प्रतीक माना जाता था। लोग घर से निकलते तो रास्ते की कठिनाइयों को भी पुण्य का हिस्सा मानते थे।

पैदल यात्रा, बैलगाड़ी की धीमी चाल, रास्ते में रुक-रुककर आनंद लेना, गंगा के पानी से काम चलाना, यही मेले की परंपरा थी लेकिन समय के साथ-साथ सब कुछ बदल गया। अब श्रद्धालु सुविधा के साथ आस्था को जोड़कर चल रहे हैं। पहले मेले में बैलगाड़ी से जाते थे, अब ट्रैक्टर-ट्राली से जाते हैं।

82183069

बैलगाड़ी में कई घंटे का सफर होता था, ट्रैक्टर-ट्रॉली एक घंटे में ही मेला पहुंचा देती है। इसके अलावा वे बाइक और कार से भी पहुंच रहे हैं। इस वजह से अब बुजुर्ग और बच्चे भी आसानी से मेले में आ रहे हैं, जो पहले कठिन यात्रा के कारण नहीं आ पाते थे। खानपान की व्यवस्था भी काफी बदल गई है। पहले मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनता था, अब गैस सिलिंडर पर खाना बनता है। पहले लकड़ी और उपले भी साथ जाते थे। अब गैस सिलिंडर साथ लेकर आते हैं।

मेले में होटल और ढाबे भी खुले हैं, जहां खाना मिल जाता है। जो लोग खाना नहीं बनाना चाहते, वे वहीं खा लेते हैं। पहले डेरा तंबू में रहने वाले लोग गंगा से जल भरकर लाते थे और वही पीते थे, लेकिन अब अपने डेरे पर ही नल लगा लेते हैं। पानी के लिए अब गंगा तक जाने की जरूरत नहीं पड़ती।

रहने के तरीके में आया बड़ा बदलाव

इस मेले में रहने के तरीके में भी बड़ा बदलाव आया है। पहले डेरे में कुर्सी-मेज का कोई इंतजाम नहीं था, अब सबके डेरों में कुर्सी-मेज मिलेंगी। पहले लोग दरी बिछाकर बैठते और सोते थे। अब डेरों में गद्दे, कुर्सी, मेज और चारपाई सब मिलेंगी। कुछ बड़े डेरों में तो टेंट के अंदर कालीन और सोफे तक लगे होते हैं। रात में रोशनी को जनरेटर और सोलर लाइट की व्यवस्था है।

82183084

अब मोबाइल चार्ज करने के लिए इधर-उधर भागना नहीं पड़ता। पहले एक ही डेरे में काम चला लेते थे, लेकिन अब पुरुषों का अलग और महिलाओं का डेरा अलग रहता है। अब शौचालय तक की व्यवस्था हो रही है।

खुलेगा 20 बेड का अस्थाई अस्पताल

ककोड़ा मेला में हर साल की तरह इस बार भी अस्थाई अस्पताल खोला जाएगा। उसमें 20 बेड होंगे। उसी के हिसाब से डाक्टर, फार्मासिस्ट और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को तैनात किया जा रहा है। सबकी ड्यूटी आठ-आठ घंटे के हिसाब से लगाई जाएगी। उसमें सर्दी, बुखार, उल्टी-दस्त और चोट लगने जैसी सभी दवाएं मौजूद होंगी। यहां से मरीजों को रेफर करने के लिए एंबुलेंस लगाई गई हैं।

मेला शुरू होने पर आसपास के किसानों का बढ़ेगा दूध का कारोबार

ककोड़ा मेला में लाखों श्रद्धालु आते हैं और यहां रहने वाले सभी श्रद्धालुओं को रोजाना दूध की आवश्यकता होती है। जो मेला के आसपास गांव बसे हैं, वहां के लोगों के यहां दूध की खपत बढ़ जाती है। वह गांव से दूध लाकर मेले में सप्लाई करते हैं। इससे लोगों की आमदनी बढ़ जाती है। कई किसान तो मेला अवधि में ही अच्छी कमाई कर लेते हैं। दूध के साथ-साथ दही, घी, पनीर की भी मांग बढ़ जाती है। इससे आसपास के गांवों की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है।

यह भी पढ़ें- तिगरी मेला में 22 नवंबर के बाद नहीं चलेंगे VIP पास, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस का रहेगा सख्त पहरा

यह भी पढ़ें- एतिहासिक तिगरी मेला में वाराणसी की तर्ज पर होगी गंगा आरती, लोगों के रुकने के लिए बसेगी टेंट सिटी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।