ककोड़ा मेला में गंगा स्नान से पहले सजेगा खेलों का महाकुंभ, मैदान में 300 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे जलवा
ककोड़ा मिनी कुंभ मेला में इस बार गंगा स्नान से पहले खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। वॉलीबॉल, कबड्डी और दौड़ जैसे खेलों में 300 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।

ककोड़ा मेला में अयोजन से पहले तैयारियां करते कर्मचारी। फोटो- जागरण
HighLights
ककोड़ा मेला में गंगा स्नान से पहले खेल प्रतियोगिताएं होंगी।
वॉलीबॉल, कबड्डी, दौड़ में 300 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।
ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिलेगा सशक्त मंच, मिलेंगे नकद पुरस्कार।
जागरण संवाददाता, बदायूं। धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति के संगम मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में इस बार खेलों का रंग पहले चढ़ेगा। परंपरागत रूप से गंगा स्नान के बाद होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताएं इस बार स्नान से पहले ही कराई जा रहीं हैं। सोमवार को मेला मैदान में वालीबाल, कबड्डी और दौड़ की रोमांचक स्पर्धाएं होंगी। सिर्फ ओपन बालक वर्ग के लिए आयोजित इन मुकाबलों में तीन सौ से अधिक खिलाड़ियों के उतरने की उम्मीद है।
मेला स्थल पर सोमवार को होने वाले खेल मुकाबलों को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला क्रीड़ाधिकारी अमित रिछारिया के अनुसार आयोजन स्थल पर मैदान को चिह्नित कर उसे समतल कराया गया है, साथ ही दौड़ प्रतियोगिता के लिए अलग से ट्रैक भी तैयार किया गया है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की आशंका
अधिकारियों का मानना है कि पहले गंगा स्नान के बाद मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती थी, जिससे खेलों के लिए तैयार किया गया मैदान खराब हो जाता था और आयोजन में कई तरह की व्यवहारिक दिक्कतें सामने आती थीं। इन्हीं परेशानियों से बचने और खिलाड़ियों को बेहतर माहौल देने के लिए इस बार गंगा स्नान से पहले प्रतियोगिताएं कराने का फैसला लिया गया है।
दूर दराज के क्षेत्रों से पहुंचेंगे खिलाड़ी
मेले में होने वाली इन प्रतियोगिताओं में आसपास के गांवों के साथ साथ दूर दराज के क्षेत्रों से भी खिलाड़ी पहुंचेंगे। वॉलीबॉल, कबड्डी और दौड़ के मुकाबलों को लेकर इलाके के युवाओं में जबरदस्त जोश दिख रहा है और खिलाड़ी सुबह शाम पसीना बहाकर अभ्यास में जुटे हैं।
आयोजकों के मुताबिक प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीमों को ट्राफी व नकद पुरस्कार से नवाजा जाएगा, जबकि दौड़ में अव्वल रहने वाले धावकों को भी सम्मानित किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि ककोड़ा मेला केवल धार्मिक परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त मंच भी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।