विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फेल हो जाऊंगी तो मंगेतर… बोर्ड परीक्षा की कॉपियों में उत्तर की जगह मिल रहे अजीब जवाब, कॉपी जांचने वाले भी हैरान

Published: Tue, 19 Mar 2024 08:29 PM (IST)

इंटरमीडिएट की अंग्रेजी विषय की कॉपी चेक करते वक्त एक परीक्षक के सामने अजीब स्थिति पैदा हुई। कापी में परीक्षार्थी ...और पढ़ें

शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करते परीक्षक। जागरण
शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करते परीक्षक। जागरण

शिवम प्रताप सिंह, बदायूं। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन चल रहा है। बदलते दौर में अब कापियों में नोट कम, पास होने के लिए परीक्षार्थी अजब-गजब की मनुहार कापी चेक करने वाले परीक्षक से लगा रहे हैं। 16 मार्च से जिले में चार केंद्रों पर यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य चल रहा है। 

मंगलवार को चारों केंद्रों पर कुल 43,692 कॉपियों का मूल्यांकन कार्य पूरा हुआ। इसमें हाईस्कूल की 27,995 और इंटरमीडिएट की 15,697 कापियां चेक की गईं। ऐसे में परीक्षा की कॉपी जांचने वाले परीक्षकों के सामने हर रोज परीक्षार्थियों द्वारा अजब-गजब की गुहार के मामले आ रहे हैं। 

कोई पिता की बीमारी या गरीब होने का हवाला दे रहा है। तो कोई परीक्षार्थी अगले दिनों में शादी होने की बात कहकर परीक्षक से पास किए जाने की गुहार कर रहा है।

पिता जी को कैंसर, पास कर देंगे तो जारी रखूंगा आगे की पढ़ाई

इंटरमीडिएट की अंग्रेजी विषय की कॉपी चेक करते वक्त एक परीक्षक के सामने अजीब स्थिति पैदा हुई। कापी में परीक्षार्थी ने अनुरोध करते हुए लिखा था कि उसके पिता जी को कैंसर है। जैसे-तैसे संसाधनों को पूरा करके उसे पढ़ाई जारी रखी है। अगर इस परीक्षा में वह फेल हो गया तो आगे पढ़ाई नहीं कर पाएगा। इसलिए उस पर दया भावना दिखाते हुए पास कर दिया जाए। रोचक बात तो यह रही कि कापी चेक करने के बाद परीक्षक ने मूल्यांकन किया तो पासिंग नंबर तो पहले ही आ चुके थे।

फेल हो गई तो नहीं हो पाएगी मेरी शादी

इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान की कॉपी में एक छात्रा ने लिखा था कि इस साल उसकी शादी तय हो चुकी है। परीक्षाओं में उसकी तैयारी अच्छे से नहीं हो पाई। अगर वह फेल हो गई तो मंगेतर उससे शादी नहीं करेगा। इसलिए दया भावना दिखाते हुए उसे पास कर दिया जाए। कापी चेक करते वक्त ऐसे रोचक किस्से 100 कापियों में से दो-चार कॉपी में मिल रहे हैं।   

यूपी बोर्ड उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो रहा है। इसमें छात्र-छात्राएं परीक्षक से अजब-गजब की मनुहार लगा रहे हैं। कॉपियों का मूल्यांकन नियमानुसार कराया जा रहा है। 31 मार्च तक कॉपियों का मूल्यांकन पूरा करना है। हर रोज जिला स्तरीय कंट्रोल रूम और लखनऊ से मूल्यांकन पर नजर रखी जा रही है। 

-डाॅ. प्रवेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।