Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Budaun News: बदायूं में भीषण हादसा, ओवरटेक के प्रयास में खड़ी ट्राली से टकराई कार, दो बच्चों समेत चार की मौत

    By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj Mishra
    Updated: Sun, 25 Jun 2023 07:10 AM (IST)

    Budaun Accident News बदायूं में शन‍िवार देर रात चंदौसी में शादी में शामिल होकर बदायूं लौट रहा पर‍िवार हादसे का श‍िकार हो गया। आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार कार सड़क क‍िनारे खड़ी ट्राली से टकरा गई। हादसे में दो बच्‍चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुल‍िस ने घायलों को अस्‍पताल पहुंचाया। कार को काटकर शवों को न‍िकाला गया।

    Hero Image
    Budaun Accident News: बदायूं में भीषण सड़क हादसा, चार की मौत

    बदायूं, जागरण संवाददाता। ओवरटेक के चक्कर में तेज गति और सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्राली छोड़ देने से शनिवार देर रात एक परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई। इनमें सास-बहू और दो बच्चे भी शामिल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्षतिग्रस्त कार का हिस्सा काटकर निकाले जा सके।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कार सवार दो अन्य को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। ये सभी चंदौसी से बरात में शामिल होकर घर लौट रहे थे। कुंवरगांव के अर्सिस बर्खिन गांव में रहने वाले कृषक पीतांबर के रिश्तेदार की चंदौसी में शादी थी। पुलिस के अनुसार, पीतांबर की बेटी शिवान्या, बेटा अरनव, पत्नी मीतल यादव को वहां से लौटना था।

    पीतांबर के भतीजे जितेंद्र यादव भी अपनी मां सूरजश्री, पत्नी शशि एवं परिवार के सदस्य हर्ष के साथ लौटने की तैयारी कर रहे थे। शिवान्या, अरनव, मीतल भी उसी कार में सवार हो गईं। रात 11.15 बजे कार सलारपुर के पास पराग फैक्ट्री के सामने पहुंची थी। उसी समय एक वाहन को ओवरटेक के प्रयास में जितेंद्र ने गति बढ़ाई।

    इतने में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खराब खड़े ट्रैक्टर-ट्राली में टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा ट्राली के नीचे धंसकर क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में सूरजश्री, उनकी पुत्रवधू शशि, पांच वर्षीय अरनव और सात वर्षीय हर्ष की मृत्यु हो गई।

    जितेंद्र यादव, तीन वर्ष की शिवान्या, मीतल को गंभीर हालत में उपचार के लिए भेजा गया। सीओ आलोक मिश्रा ने बताया कि कार की अधिक गति और सड़क पर ट्रैक्टर-ट्राली छोड़ने से दुर्घटना हुई। ट्रैक्टर मालिक की तलाश की जा रही है।