Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बदायूं में बार‍िश का कहर, भरभराकर गिरे मकान, एक महिला की मौत; पांच लोग घायल

    Updated: Mon, 01 Sep 2025 06:42 PM (IST)

    बदायूं जिले में भारी बारिश के कारण कई मकान गिर गए। बिसौली में दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई जबकि इस्लामनगर में छत गिरने से चार लोग घायल हो गए। कुंवरगांव में भी एक महिला छत गिरने से घायल हो गई जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सनाय गांव में टीनशेड गिरने से एक परिवार बाल-बाल बच गया।

    Hero Image
    तेज बारिश में भरभराकर गिरे मकान, महिला की मौत।

    - सोमवार को बिसौली, इस्लामनगर और कुंवरगांव क्षेत्र में हुए हादसे

    जागरण संवाददाता, बदायूं। सोमवार को जिलेभर में हुई मूसलाधार बारिश के दौरान कई मकान भी भरभराकर गिर गए। उनकी चपेट में आने से एक महिला की मृत्यु हो गई और दो छोटे बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। एक महिला को इस्लामनगर में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसे बिसौली, इस्लामनगर और कुंवरगांव थाना क्षेत्र में हुए हैं। महिला की मृत्यु बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव बसई में हुई है। इसकी सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्वजन को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिसौली: सोमवार को बारिश के दौरान कोतवाली क्षेत्र के गांव बसई में एक दीवार गिर गई। गांव की 56 वर्षीय वीरवाला पत्नी रमाकांत सोमवार सुबह अपने शौचालय में लघुशंका करने गई थीं। उसी दौरान अचानक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। उसके मलबे में वीरवाला दब गईं। जब स्वजन ने दीवार गिरने की आवाज सुनी तो वह दौड़कर आ गए। उन्होंने ईंटें हटाकर महिला को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।

    यह देखकर परिवार में कोहराम मच गया। शोर शराबा सुनकर मुहल्ले के तमाम लोग आ गए। उन्होंने महिला के शव को उठाकर अंदर मकान में रखा। मुहल्ले वालों का कहना है कि महिला का बेटा अतुल दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। घर पर वीरवाला और उनकी दो बेटियां रचना व चांदनी रहती हैं। मां की मृत्यु से दोनों बेटियों का बुरा हाल है। ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी वहां पहुंच गई। टीम ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

    घर में खाना बनाते समय गिरी छत, चार लोग दबे

    इस्लामनगर: थाना क्षेत्र के गांव समद नगर में सोमवार सुबह एक मकान की छत गिर गई। सोमवार सुबह करीब नौ बजे रघुवीर की पत्नी 45 वर्षीय हरप्यारी और उनकी 16 वर्षीय बेटी रीता अपने घर में खाना बना रही थीं। उस दौरान तेज बारिश भी हो रही थी। हरप्यारी के बराबर में ही उनके आठ वर्षीय नाती करन और छह वर्षीय अर्जुन बैठे हुए थे। बाकी परिवार के लोग बाहर बरामद में हुए थे।

    बताया जा रहा है कि उनके घर की छत पर गाडर पटिया पड़ी हुईं थीं। उनमें एक गाड़र टूट गया, जिससे पूरी छत भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में चारो लोग दब गए। यह देखकर परिवार के लोग दौड़ पड़े। उन्होंने मलवा हटाकर चारों लोगों को बाहर निकाला। इसमें हरप्यारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्वजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदायन ले गए। जहां से प्राथमिकी उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। महिला को नगर के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

    मकान की छत गिरी, महिला घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर

    कुंवरगांव: थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर चकोलर में भी एक मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिसमें दबकर महिला घायल हो गई। गांव निवासी 28 वर्षीय रीना पत्नी पिंटू अपने घर में काम कर रही थी। वो भी मकान के छत के मलवे से दब गई। परिवार वालों ने उसे तुरंत बाहर निकाला और उसे जिला अस्पताल ले गए लेकिन डाक्टर ने हालत देखकर उसे राजकीय मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। उसकी भी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

    सनाय गांव में टीनशेड़ गिरा, बाल बाल बचा परिवार

    सिलहरी: सालारपुर ब्लाक क्षेत्र के गांव सनाय में एक टीनशेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से परिवार बाल-बाल बच गया। बताया जा रहा है कि सनाय गांव निवासी रिहाना पत्नी बाबू का काफी गरीब परिवार है। उनका परिवार काफी समय कच्ची दीवारों पर टीनशेड़ डालकर रह रहा है। उसके बराबर में कच्ची झोपड़ी पड़ी है। उस पर पन्नी डाल रखी है। सोमवार दोपहर परिवार के सभी लोग झोपड़ी में बैठे हुए थे। उसी दौरान उनका टीनशेड़ गिर गया। गनीमत रही कि उसमें परिवार का कोई सदस्य नहीं बैठा था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। गांव के लोगों ने परिवार की मदद की है।

    comedy show banner