Badaun News: ससुराल में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
बदायूं के नगला शर्की में एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और तीन लोगों को हिरासत में लिया। मायके पक्ष का कहना है कि ससुराल वाले दहेज के लिए रजनी को प्रताड़ित करते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

संवाद सूत्र, सिलहरी। शहर से सटे गांव नगला शर्की में मंगलवार रात एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, जिसकी सूचना पर पहुंचे मायका पक्ष ने मारपीट के बाद हत्या का आरोप लगाया, जिससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और मंगलवार दोपहर उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया। पुलिस के मुताबिक उसकी रिपोर्ट में हैंगिंग बताई गई है। इसमें तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव जिरौलिया निवासी विजेंद्र सिंह का कहना है कि उन्होंने करीब तीन साल पहले अपनी 30 वर्षीय बेटी रजनी की शादी नगला शर्की के पंकज के साथ की थी। उनका आरोप है कि रजनी के ससुराल वाले लगातार दहेज मांग रहे थे लेकिन उनकी स्थिति इतनी ठीक नहीं थी कि वह अतिरिक्त दहेज दे पाते, जिससे ससुराल वालों ने रजनी का उत्पीड़न शुरू कर दिया था। रजनी की एक 10 माह की बेटी अक्षरा पटेल है। मंगलवार रात उन्हें पता चला कि ससुराल वाले रजनी के साथ मारपीट कर रहे हैं। जब तक वह मौके पर पहुंचे तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी और रस्सी के सहारे उसका शव घर में फंदे से लटका हुआ था।
यह देखकर उन्होंने थाना पुलिस को सूचना दे दी, जिस पर इंस्पेक्टर सिविल लाइंस मनोज कुमार सिंह और बाद में सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय वहां पहुंच गए। उन्होंने स्वजन से जानकारी ली और विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मंगलवार दोपहर उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मृत्यु की वजह हैंगिंग बताई गई है। यह बात भी सही बताई जा रही है कि उसके साथ मंगलवार रात मारपीट की गई थी, जिससे मुहल्ले में हंगामा होता रहा था। मायका पक्ष ने ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जिस पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। अभी मायका पक्ष में तहरीर नहीं दी है। उन्होंने बाद में तहरीर देकर कार्रवाई कराने काे कहा है।
इसकी सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची गई थी। वहां उसका शव फंदे से लटका मिला था। अब उसका पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रथम दृश्य मामला आत्महत्या का है। इसमें तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।- मनोज कुमार सिंह, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।