बंद मकान में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा! दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार
बिल्सी में पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया लेकिन बाद में कार्रवाई बदल दी। पुलिस ने उन्हें अश्लील हरकत करते हुए दर्शाया। इस कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं खासकर मकान मालिक को फंसाने को लेकर। पुलिस ने लोगों से वीडियो भी डिलीट करवाए।

संवाद सहयोगी, बिल्सी। थाना पुलिस ने दिनदहाड़े एक मकान में छापा मारा और उसके अंदर से दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन जब कार्रवाई की बारी आई तो खेल कर दिया। जिन लोगों को घर के अंदर से आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें घर के बाहर अश्लील हरकत करते हुए दर्शाया गया और इसमें उस मकान मालिक को भी शामिल किया गया, जिसके दो मंजिला मकान में यह सब चल रहा था।
पुलिस ने अश्लीलता दर्शाते हुए प्राथमिकी तो दर्ज कर ली, लेकिन एक सवाल का जवाब नहीं दे पाई कि सिविल लाइंस क्षेत्र का युवक अपनी पड़ोसी महिला को लेकर केवल वहां घर के बाहर अश्लील हरकत करने गया था। अगर वह घर के बाहर अश्लील हरकत कर रहे थे तो मकान मालिक को क्यों आरोपित बनाया? यह सवाल पुलिस के खेल को उजागर करने के लिए काफी हैं।
मामला शुक्रवार शाम का है और स्थान है अंबियापुर चौराहा, जहां हर समय भीड़भाड़ रहती है। थाने में तैनात महिला दारोगा रचना देशपाल, दारोगा राममेहर सिंह और महिला सिपाही सोनिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
चर्चा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबियापुर चौराहा निवासी मुरीद के दो मंजिला मकान में सेक्स रैकेट चल रहा है। पुलिस दरवाजा खटखटाते हुए घर के अंदर दाखिल हो गई और कुछ देर बाद ही दो महिलाओं और मकान मालिक समेत दो पुरुष को अंदर से पकड़कर बाहर ले आई। दोनों महिलाओं के चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। वहां आसपास मौजूद लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो उन्होंने वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
इसके साथ ही नगर में चर्चा फैल गई कि अंबियापुर चौराहे पर दो मंजिला मकान में सेक्स रैकेट चल रहा था। वहां से दो महिला और दो लोग पकड़े गए हैं। मकान मालिक खुद ही अपने मकान में यह रैकेट चलवा रहा था। पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले गई है।
इधर, जब उनके घरवालों को इसके बारे में जानकारी हुई तो वह भी बिल्सी थाने पहुंच गए और फिर आरोपितों को छुड़ाने की कवायत शुरू हो गई। चार घंटों के बीच पुलिस की कार्रवाई बदल गई। फिर पूरा खेल ही पलट गया। जो लोग अंदर से पकड़े गए थे, उन्हें बाहर अश्लील हरकत करते हुए दर्शाया गया और केवल धारा 296 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए सिविल लाइंस थाना क्षेत्र निवासी दीपक और बिल्सी निवासी मुरीद व दोनों महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। बाद में दोनों महिलाओं को थाने से जमानत दे दी गई, जबकि दीपक और मुरीद अभी भी थाने में मौजूद हैं। बताया जा रहा है उन्हें भी थाने से जमानत दे दी जाएगी।
पुलिस ने डिलीट करवा दिए थे वीडियो
जब थाना पुलिस ने दिनदहाड़े दो मंजिला मकान में छापा मारा था। तब उस दौरान पुलिस को देखकर काफी लोग जमा हो गए थे और उन्होंने अपने-अपने मोबाइल से पुलिस के वीडियो बनाना शुरू कर दिए थे। जब पुलिस दोनों महिलाओं समेत चारों लोगों को अंदर से निकाल कर बाहर ला रही थी। तब भी लोग वीडियो बना रहे थे, लेकिन पुलिस ने लोगों को पकड़ पकड़कर उनके मोबाइल से वीडियो डिलीट करवाए, जिससे पुलिस बाद में कुछ भी कार्रवाई कर सके।
पुलिस ने मौके से दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घर के अंदर से कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है, लेकिन चारों लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।- डॉ. हृदेश कठेरिया, एसपी देहात
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।