Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    किशोरी की जबरन कराई शादी, हिमाचल ले जाकर किया दुष्कर्म... पिता-सौतेली मां सहित चाचा और ताऊ पर केस दर्ज

    बदायूं के बिसौली में एक किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने पीड़िता के पिता सौतेली मां चाचा ताऊ और पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसकी जबरन शादी कराई गई और हिमाचल प्रदेश में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है।

    By Ankit Gupta Edited By: Abhishek Saxena Updated: Wed, 13 Aug 2025 11:57 AM (IST)
    Hero Image
    प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, बदायूं। किशोरी की जबरन शादी कराने, उसे हिमांचल प्रदेश के सलोन में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले की जीरो एफआईआर को अब बिसौली पुलिस ने अपने यहां दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    किशोरी ने हिमांचल प्रदेश के जिला सलोन के महिला थाना बद्दी में मई 2025 में यह प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जो अब वहां की पुलिस के द्वारा बिसौली पुलिस को हस्तांतरित की गई है। किशोरी ने अपने पिता, सौतेली मां, चाचा, ताऊ और शादी करने वाले युवक के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट, चाइल्ड मैरिज एक्ट, मारपीट के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड के जिला उद्यम सिंह नगर के थाना बाजपुर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी ने हिमांचल प्रदेश के जिला सलोन के महिला थाना बद्दी पुलिस से 10 मई 2025 को शिकायत की थी। उसने बताया कि उसकी मां की मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद उसके पिता ने कंचन नाम की महिला से शादी कर ली थी। जिसके बाद से वह उसे प्रताड़ित करती थी।

    जबरन कराई शादी, दुष्कर्म

    आरोप लगाया कि उसके पिता, सौतेली मां, चाचा और ताऊ ने मिलकर 17 मई 2024 में जिला बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गुलाब बाग मुहल्ला निवासी तोताराम के साथ उसकी जबरन शादी करा दी थी। उसके विरोध करने के बाद उन लोगों ने जबरन उसे तोताराम को सौंप दिया था। तोताराम उसे वहां से सीधे हिमांचल प्रदेश के जिला सलोन ले गया। वह वहां मजदूरी करता था। वहीं उसे रखता था और उसके साथ इच्छा विरुद्ध दुष्कर्म करता रहा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता था। उसके कमरे में बंद करके रखता था।

    बताया कि वह किसी तरह से वहां से भागकर थाने पहुंची है। इस मामले को सलोन के महिला थाना बद्दी पुलिस ने गंभीर मानते हुए तत्काल जीरो एफआइआर दर्ज की। जिसके बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश भी की, लेकिन उनका पता नहीं लगा। इसके बाद पुलिस मामले की जानकारी बदायूं पुलिस को देते हुए जीरो एफआइआर को बिसौली पुलिस को भेज दिया।

    बिसौली पुलिस ने पांचों आरोपित पर केस किया दर्ज

    जिस पर अब बिसौली पुलिस ने पांचों आरोपितों के विरुद्ध दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, चाइल्ड मैरिज एक्ट, मारपीट के आरोपों के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में बिसौली इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला जीरो एफआईआर के तहत हिमांचल प्रदेश में दर्ज हुआ था। जो अब यहां दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी कर जेल भेजा जाएगा।