Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Badaun News: भाजपा के बूथ अध्यक्ष को सड़क पर घसीटकर पीटा, पुलिस ने शांतिभंग में कार्रवाई करके मामला रफा-दफा किया

    बदायूं के बिसौली में भाजपा बूथ अध्यक्ष चेतेंद्र के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि भाजपा के प्रचार से नाराज दबंगों ने उन्हें दुकान से खींचकर पीटा और गला दबाकर मारने की कोशिश की। पुलिस ने शांतिभंग में कार्रवाई की है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।

    By Jagran NewsEdited By: Abhishek Saxena Updated: Sun, 29 Jun 2025 09:21 AM (IST)
    Hero Image
    भाजपा बूथ अध्यक्ष को सड़क पर घसीटकर ले जाते आरोपित। वीडियो ग्रैब

    संवाद सहयोगी, जागरण। बिसौली। भाजपा के प्रचार-प्रसार से नाराज दबंगों ने एक बूथ अध्यक्ष को सड़क पर घसीटकर पीटा। वह दुकान से बूथ अध्यक्ष को घसीटकर बाहर ले गए और जमकर मारपीट की। काफी दूर तक वह उसे घसीटकर ले गए और उसका गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं उसका मोबाइल और पर्स भी छीन लिया। पुलिस ने केवल शांतिभंग में कार्रवाई करके मामला रफा-दफा कर दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कोतवाली क्षेत्र के गांव सिद्धपुर कैथोली निवासी चेतेनंद्र पुत्र मुलायम सिंह भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। उनका कहना है कि 21 जून को गांव में भाजपा की एक बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें उन्होंने भाजपा की रीति और नीति के बारे में लोगों को अवगत कराया था, जिससे भाजपा विरोधी चिढ़ गए थे। इसके बाद चेतेंद्र नजदीकी गांव गदगांव में बाल कटाने गए थे।

    21 जून का मामला, दुकान पर बाल कटाने गया था बूथ अध्यक्ष

    वह दुकान के अंदर बाल कटा ही रहे थे कि तभी वहां उनके गांव के दबंग भूरे, ब्रजपाल और सुनील आ गए। पहले उन्होंने जमकर गाली गलौज की। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपित उनके ऊपर हमलावर हो गए और वह चेतेंद्र को पकड़कर दुकान से खींच ले गए। तीनों आरोपितों ने उन्हें जमीन पर गिरा लिया और उन्हें खूब पीटा। वह उनको पैर पकड़कर काफी दूर तक घसीटकर ले गए। कुछ लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास भी किया लेकिन आरोपित नहीं माने। वह उन्हें गांव की ओर ले जा रहे थे। तब कुछ लोगों ने उन्हें बमुश्किल से छुड़ाया।

    थाने जाकर आराेपितों के खिलाफ तहरीर दी

    बाद में चेतेंद्र ने स्वजनों को पूरी घटना बताई। फिर उन्हाेंने उघैती थाने जाकर आराेपितों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। बाद में पुलिस ने आरोपितों का शांतिभंग में चालान कर दिया। चेतेंद्र ने पुलिस की लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है और भाजपा के पदाधिकारियों को भी घटनाक्रम से अवगत करा दिया है।

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बनाया वीडियो किया प्रसारित

    इस घटना के दौरान वहां कई लोग मौजूद थे। जब वह आरोपित बूथ अध्यक्ष को दुकान से बाहर ले जा रहे थे। तब एक आरोपित के हाथ में डंडा था, जो एक बुजुर्ग व्यक्ति ने छीन लिया था। उन्होंने बचाने का प्रयास किया था लेकिन जब आरोपितों ने नहीं छोड़ा तो उन्होंने उनकी वीडियो बना ली और उसे बाद में प्रसारित कर दिया। उसके बाद यह मामला ज्यादा चर्चा में आया। वीडियो में गला दबाते हुए साफ दिखाई दे रहा है।

    दाेनों पक्षों में पुराना विवाद चला आ रहा है। उनके बीच होली पर भी विवाद हुआ था। तब उनकी प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसमें जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। - हरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर बिसौली